
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा में रहने वाले एक युवक को इंस्टाग्राम पर यूपी के मोहब्बत की नगरी आगरा की एक युवती से प्यार हो गया। नोएडा के युवक और आगरा की युवती के बीच इंस्टाग्राम पर पहले दोस्ती हुई। यह दोस्ती धीरे धीरे प्यार में बदल गई, जिसके बाद दोनों ने निकाह कर लिया। इस प्रेम कहानी में उस वक्त नया मोड़ आ गया, जब इंस्टाग्राम पर ही युवक ने अपनी बीवी को तीन तलाक दे दिया।
जानकारी के अनुसार ताज नगरी आगरा की एक युवती रविवार को आगरा के परिवार परामर्श केंद्र पहुंची और इंस्टाग्राम पर नोएडा के युवक से हुए प्यार, निकाह और तीन तलाक की जानकारी दी। जिसके बाद आगरा के परिवार परामर्श केंद्र में तैनात काउंसलर ने नोएडा के युवक को काउंसलिंग में उपस्थित होने के लिए नोटिस भेजा है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवती आगरा की और आरोपी युवक नोयडा का रहने वाला है। पीड़ित युवती ने बताया कि तीन साल पहले इंस्टाग्राम पर नोएडा के युवक से दोस्ती हुई। दोनों में चैटिंग होने लगी। इसके बाद मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान हुआ जिससे व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी। दोस्ती और गहरी हुई और बाद में प्यार में बदल गई। युवती ने बताया कि उसने और उसके प्रेमी ने परिजनों की रजामंदी के बाद निकाह कर लिया।
पीड़िता का आरोप है कि, पति के साथ रहते हुए वह गर्भवती हो गई थी और चार महीने पहले आगरा स्थित अपने मायके आ गई। दो माह पहले उसने एक बेटी को जन्म दिया। बेटी पैदा होने के बाद पति से किसी बात पर अनबन हो गई। जिससे गुस्साए उसके पति ने इंस्टाग्राम पर ही तीन तलाक लिखकर भेज दिया। जिसे देखकर युवती और परिवार के होश उड़ गए। पुलिस ने मामला परिवार परामर्श केंद्र में भेज दिया।
पीड़िता ने काउंसलर को बताया कि युवक ने उसे बताया था कि वो मॉडलिंग के क्षेत्र से जुड़ा है। युवतियों को मॉडलिंग की दुनिया में आगे बढ़ाने का काम करता है। इसलिए वह उससे प्रभावित हो गई थी और युवक के जाल में फंसती चली गई। करीब ढाई साल पहले दोनों का निकाह हुआ था। निकाह के बाद धीरे-धीरे पति की हकीकत सामने आने लगीं। उसने प्रोफाइल पर जो लिख रखा था, वो पूरा सच नहीं था। उसकी बहुत सारी बाते बातें झूठ थीं।
परिवार परामर्श केन्द्र की प्रभारी अपूर्वा चौधरी ने बताया कि पीड़िता के प्रति को नोटिस भेजा गया और और काउंसलिंग में आने के लिए बुलाया गया है। अगली तारीख पर लड़की और लड़के को आमने सामने बैठाकर बातचीत की जाएगी और दोनों में सुलह समझौता कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद जो नतीजे आते हैं, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।