
Noida News (चेतना मंच)। थाना फेस 3 क्षेत्र के सेक्टर 65 में पराठे की ठेली लगाने वाला युवक पड़ोसी की नाबालिग लड़की को अगवा कर ले गया। इस संबंध में किशोरी के परिजनों ने जब आरोपी के परिजनों से बात की तो उन्होंने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। किशोरी की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी व उसके परिजनों के खिलाफ अपहरण व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
नोएडा के सेक्टर 65 में फल की ठेली लगाने वाली महिला ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि गत 31 जुलाई को उनकी बेटी घर से संदिग्ध परिस्थितियों में चली गई। उन्होंने लापता लड़की की काफी तलाश की, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। महिला ने बताया कि गढ़ी चौखंडी निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी बेटी तेजा नाम के युवक के साथ गई है।
महिला के मुताबिक तेजा उसकी फल की ठेली के पास ही पराठे की ठेली लगता था। तेजा अक्सर उसकी बेटी से बातचीत करता था। महिला का कहना है कि जब उन्होंने तेजा के परिजनों से किशोरी के बारे में बात की तो उसने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि तेजा बदमाश किस्म का दबंग युवक है और आपराधिक प्रवृत्ति का है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर किशोरी व आरोपी की तलाश की जा रही है। Noida News