
Noida News: नाबालिक किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में पकड़ा गया आरोपी आज पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। पुलिस आरोपी का मेडिकल कराने के लिए सेक्टर 30 स्थित जिला अस्पताल लेकर गई थी, जहां वह टॉयलेट से पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला। पुलिस कस्टडी से आरोपी के फरार हो जाने पर कमिश्नरेट पुलिस में हड़कंप मच गया।
एडीसीपी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि मूल रूप से मैनपुरी का रहने वाला कमलेश सरफाबाद गांव में किराये पर रहता था। गत 25 सितंबर 2022 को वह पड़ोस में रहने वाली एक 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी को लेकर फरार हो गया था। इस संबंध में किशोरी के पिता ने थाना सेक्टर 113 में कमलेश के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने सोमवार को कमलेश को गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद कर लिया था। किशोरी ने अपने बयान में बताया कि कमलेश ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसके पश्चात आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट की धाराओं में भी बढ़ोतरी की गई। पुलिस कांस्टेबल यशवीर व होमगार्ड प्रदीप कमलेश का मेडिकल कराने के लिए सेक्टर 30 जिला अस्पताल लेकर आए थे। इस दौरान चिकित्सक ने सीमेन का सैंपल लेने के लिए कमलेश को बाथरूम में भेजा। कमलेश को बाथरूम में भेजकर दोनों पुलिसकर्मी बाहर खड़े हो गए। इस दौरान कमलेश बाथरूम की खिड़की खोल कर भाग निकला। कमलेश जब काफी देर तक बाथरूम से बाहर नहीं आया इस पर पुलिसकर्मियों ने दरवाजा खोलकर देखा तो पीछे की खिड़की खुली हुई थी और कमलेश नदारद था।
हेड कांस्टेबल यशवीर ने इसकी सूचना थाना सेक्टर 113 प्रभारी को दी। एडीसीपी ने बताया कि आरोपी कमलेश के खिलाफ पुलिस हिरासत से भागने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए 3 टीमों के अलावा सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है। पुलिस हिरासत से कमलेश के भागने पर लापरवाही के आरोप में हेड कांस्टेबल यशवीर सिंह के निलंबन की कार्रवाई की जा रही है जबकि होमगार्ड प्रदीप की रिपोर्ट जिला कमांडेंट होमगार्ड को भेजी गई है।