
Noida News : (चेतना मंच)। साइबर ठगों द्वारा ठगी करने के नए नए तरीके इजाद किए जा रहे हैं। किसी को निवेश में बेहतर रिर्टन दिलाए जाने का सांझा दिया जा रहा है तो किसी को किसी अन्य तरीके से ठगा जा रहा है। इनके जाल लगातार फैलता जा रहा है। नोएडा में साइबर ठगों ने एक रिटायर लेफ्टिनेंट कर्नल को भी कुछ इसी तरह से अपना शिकार बना लिया। कर्नल के खाते से नगदी निकाल ली गई जबकि निवेश पर बेहतर रिटर्न देने के नाम पर साइबर ठग ने एक महिला से 53 हजार रूपए की ठगी कर ली।
थाना सेक्टर-20 सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल नरेश कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि गत दिनों उनके यूनियन बैंक खाते से दुर्गा चैरिटेबल द्वारा 40 हजार रूपए की नकदी निकाली गई। इस बात की जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
सेक्टर-22 निवासी चंदा यादव ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गत 15 जून को उसके व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया। मैसेज में निवेश पर बेहतर स्कीम का ऑफर दिया हुआ था। इसके पश्चात उन्होंने उस नंबर पर बात की तो उसने उसे अपने टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ लिया। शुरुआत में उन्होंने 3000 रूपये निवेश किए। इस पर उन्हें कुछ रिटर्न मिला जिसके बाद उन्होंने अलग-अलग तिथियों में करीब 53,000 रूपये जमा करा दिए।
पैसे जमा कराने के बाद जब उन्हें मुनाफे का रिटर्न नहीं मिला तो उन्होंने उस नंबर पर बात की तो आरोपी ने और पैसे जमा कराने को कहा। महिला के इंकार करने पर ठग ने स्पष्ट कहा कि उसे जमा कराए गए पैसे वापस नहीं मिलेंग। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।