
Noida News / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी में 2 महीने पहले जिम्स अस्पताल के डॉक्टर द्वारा की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक डॉक्टर की मां ने उसकी कथित प्रेमिका व प्रेमिका की मां के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में थाना ईकोटेक वन में मुकदमा दर्ज कराया है। कथित प्रेमिका वर्तमान में लॉस एंजेलिस में रह रही है और उसने कनाडियन नागरिकता ले रखी है।
थाना इकोटेक के थाना प्रभारी ने बताया कि मूलरूप से लखनऊ के गोमतीनगर निवासी डॉ. अंकित चतुर्वेदी जिम्स अस्पताल में रेजिडेंट डॉक्टर के रूप में कार्यरत थे। वह गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी परिसर में रह रहे थे। करीब 2 माह पूर्व डॉक्टर अंकित चतुर्वेदी ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। साथी डॉक्टरों ने उन्हें फंदे पर लटका देकर पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद उन्हें फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था।
करीब 2 महीने बाद डॉ. अंकित चतुर्वेदी की मां नमिता चतुर्वेदी ने अपने बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। दर्ज रिपोर्ट में उन्होंने डॉ. आकक्षी मल्होत्रा व उसकी मां सविता मल्होत्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में नामजद कराया है। पीड़िता ने बताया कि डॉ. आकक्षी मल्होत्रा व उसकी मां उनके बेटे को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अंकित चतुर्वेदी व आकक्षी मल्होत्रा ने नेपाल में डॉक्टरी की पढ़ाई एक साथ की थी। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी। करीब 5 वर्ष पहले डॉक्टर आकक्षी मल्होत्रा लॉस एंजेलिस चली गई थी। उसने वहां की नागरिकता भी ले ली है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल कर रही है। Noida News