हत्या या आत्महत्या ? महिला मित्र से मिलने पहुंचे कॉन्स्टेबल का मिला शव
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 04:57 AM
Noida News : दिल्ली से सटे नोएडा में दिन पर दिन क्राइम के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। जिसपर रोक लगाने के लिए नोएडा पुलिस की ओर से कई कड़े नियम बनाएं जा रहे हैं, लेकिन उसके बाद भी नोएडा में क्राइम रेट कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में एक और मामले नोएडा से ही सामने आया है। जहां गौतमबुद्ध नगर जिले के बिसरख थाना क्षेत्र में स्थित एक सोसाइटी में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने आए कॉन्स्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कॉन्स्टेबल कोल सरकारी पिस्तौल से गोली लगी है।
Noida News
फ्लैट में मिला शव
नोएडा में हुई इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त (मध्य नोएडा) सुनीति ने बताया कि मृतक कॉन्स्टेबल कुलदीप सिंह मूल रूप से जालौन जिले का निवासी था और उसकी तैनाती ललितपुर जिले में थी। साथ ही उन्होंने बताया कि कुलदीप मंगलवार शाम को बिसरख क्षेत्र में स्थित एक सोसाइटी में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने गया हुआ था। बुधवार को उसका शव महिला मित्र के फ्लैट में मिला है।
घरवालों ने लगाया हत्या का आरोप
साथ ही पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि मौके पर फोरेंसिक की टीम को बुलाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं इस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में जानकारी मिली है कि मृतक कॉन्स्टेबल की शादी उसके घर वालों ने कहीं और तय कर दी थी, जबकि वह अपनी महिला मित्र से शादी करना चाहता था। इसी बात से वह काफी परेशान था। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मृतक कॉन्स्टेबल की महिला मित्र ने बताया है कि कॉन्स्टेबल ने अपनी सरकारी पिस्तौल से गोली मार कर आत्महत्या की है। वहीं मृतक के घरवालों का कहना है कि उसकी हत्या की गई है।