Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा में एक युवती समेत चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक बीटेक का छात्र भी है, जिसे एक ट्रक ने कुचल दिया। पुलिस ने सभी शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नोएडा के थाना सेक्टर-20 क्षेत्र के निठारी गांव में एक व्यक्ति ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उक्त व्यक्ति की पत्नी व बच्चे घर से बाहर गए हुए थे। मूल रूप से पश्चिम बंगाल निवासी रघुनाथ सरकार अपनी पत्नी को बच्चों के साथ निठारी गांव में मनोज के मकान में किराये पर रह रहा है। देर शाम उसकी पत्नी में बच्चे घर से बाहर गए हुए थे। कुछ देर बाद जब वापस लौटे तो उन्हें रघुनाथ सरकार फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। रघुनाथ सरकार द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना पड़ोसियों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। चौकी प्रभारी सत्यवीर परमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रघुनाथ सरकार तथा उसकी पत्नी के बीच अक्सर वाद-विवाद होता रहता था। कल भी किसी बात को लेकर वाद विवाद हुआ था। वाद विवाद के बाद उसकी पत्नी किसी काम से बच्चों के साथ बाहर चली गई थी। इस दौरान रघुनाथ सरकार ने पीछे से अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
नोएडा के थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सरफाबाद गांव में किराये पर रहने वाले युवक ने जहर खाकर जान दे दी। पुलिस प्रेम प्रसंग को आत्महत्या का कारण बता रही है। थाना प्रभारी सर्वेश कुमार ने बताया कि मूल रूप से अमरोहा का रहने वाला प्रशांत पुत्र सरदार सिंह सरफाबाद गांव में किराये पर रह रहा था। वह एक निजी कंपनी में काम करता था। शुक्रवार को जब दोपहर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो पड़ोसियों ने उसका दरवाजा खटखटाया लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद पड़ोसियों ने मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोडक़र अंदर दाखिल हुई तो प्रशांत अंदर मृत पड़ा हुआ था। जहरीला पदार्थ खाने के कारण उसका शरीर नीला पड़ा हुआ था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि प्रशांत का किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उन्होंने आशंका जाता है कि संभवत इसी कारण उसने जहर खाकर आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है।
ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के ट्रिनिटी कॉलेज के पास तेज गति में आ रहे ट्रक ने बीटेक के छात्र को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल हुए छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक सहित फरार हो गया। मूल रूप से अमरगढ़ पट्टी प्रतापगढ़ निवासी गौरव गुप्ता एनईआईटी कॉलेज से बीटेक कर रहा था। 18 जनवरी के दोपहर को वह अपने दोस्त कशिश पटेल के साथ मार्केट की तरफ जा रहा था। इस दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक का चालक नियंत्रण खो बैठा और उसने गौरव गुप्ता को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से गौरव गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में मृतक के पिता आनंद मोहन ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र के लाल कुआं के पास चलती ट्रेन से गिरकर एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई। युवती अपने परिजनों के साथ ट्रेन में सफर कर रही थी, अचानक संतुलन बिगडऩे के कारण वह ट्रैक पर जा गिरी। मूल रूप से केरल निवासी मुनियासी अपनी पत्नी व बच्चों के साथ ट्रेन से जा रहे थे। उनकी बेटी विष्णु प्रिया ट्रेन के दरवाजे पर खड़ी हुई थी। लालकुआं के पास अचानक संतुलन बिगडऩे से वह चलती ट्रेन से रेलवे ट्रैक पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने चेन खींचकर ट्रेन को रोका और जीआरपी की मदद से घायल विष्णु प्रिया को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सक विष्णु प्रिया को मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।