
Noida news (चेतना मंच)। नोएडा के सेक्टर-21 में स्थित रामलीला ग्राउंड में लगे महाकौथिग मेले में घूमने आई एक युवती का चोरों ने मोबाइल फोन चोरी कर लिया। चोरों ने मोबाइल फोन से 5000 रूपये पेटीएम द्वारा ट्रांसफर कर लिए।
नोएडा के सेक्टर-21 जलवायु विहार निवासी मानसी बंसल ने पुलिस की दी शिकायत में बताया कि वह 22 दिसंबर की शाम को नोएडा स्टेडियम में लगे महाकौथिग मेले में घूमने के लिए आई थी। वह एक दुकान पर खरीदारी कर रही थी। इस दौरान एक लड़के ने उसके पर्स से मोबाइल फोन चोरी कर लिया। चोरी किए गए मोबाइल फोन के जरिए पेटीएम से 5000 रूपये ट्रांसफर कर लिए गए। मोबाइल चोरी होने की जानकारी मिलने पर उसने जब मेले में लगे सीसीटीवी कैमरे की फोटो देखी तो उसमें एक व्यक्ति उसके पर्स से मोबाइल फोन निकलता हुआ दिख रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और चोर की तलाश की जा रही है।
मूल रूप से बरेली निवासी देवयानी उपाध्याय ने थाना सेक्टर-49 में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह बीते 22 दिसंबर की रात्रि को सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन से ई-रिक्शा में बैठकर गौर सिटी की तरफ जा रही थीं। इस दौरान पीछे से बाइक पर आए 2 बदमाशों ने उसके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए।
नोएडा के थाना सेक्टर-24 में सेक्टर-35 निवासी पवनेश्वर दत्त राय ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि बीते 15 दिसंबर की रात्रि को सुरभि अस्पताल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उसका मोबाइल फोन लूट लिया और मौके से फरार हो गए उसने शोर मचाकर बदमाशों को पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन वह हाथ नहीं आ सके। पुलिस का कहना है कि पीडि़तों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज को खंगाला जा रहा है।