
Noida News (चेतना मंच)। पत्नी के साथ मारपीट कर चाकू से जानलेवा हमला कर उसे घायल करने के आरोप में फरार चल रहे आरोपी पति को थाना दनकौर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद हुआ है।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर खेरली नहर के पास से नेत्रपाल को चाकू सहित गिरफ्तार किया गया। आरोपी नेत्रपाल के खिलाफ उसके साले ने गत 3 जुलाई को मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़ित का आरोप था कि नेत्रपाल उसकी बहन के साथ आए दिन मारपीट करता है।
गत दिनों मारपीट करने के दौरान उसने चाकू से वार कर उसकी बहन को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। शुरुआत में पुलिस ने मारपीट व धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था। पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर इस मामले में आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला करने सहित अन्य धाराओं में बढ़ोतरी की गई है।