
Noida News : नोएडा (चेतना मंच)। आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए रास्ते से घूम रहे हिस्ट्रीशीटर बदमाश की थाना फेस-3 पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान हिस्ट्रीशीटर बदमाश विदेश पाल उर्फ चेंटा गोली लगने से घायल हो गया। बदमाश के पास से अवैध असलाह व चोरी की बाइक बरामद हुई है।
थाना फेज-3 प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि पुलिस मामूरा चौक (Mamura Chowk) पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस टीम को देखकर बाइक सवार एक युवक सेक्टर-59 की तरफ भागने लगा। संदेह के आधार पर पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश ने अपनी बाइक की गति और बढ़ा दी और पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश को गोली लगी और वह गिरकर घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम विदेशपाल उर्फ चेन्टा निवासी बसई बताया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़ा गया चेंटा थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। इस पर चोरी के दर्जनों मुकदमें पंजीकृत है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहा था पकड़े गए बदमाश के पास से बरामद बाइक भी चोरी की है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।