कुणाल शर्मा हत्याकांड के बाद नोएडा पुलिस सतर्क, अमरोहा में मिला लापता बच्चा
Noida News
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 01:29 AM
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा में अपहरण के बाद कुणाल की हत्या के बाद से कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस बच्चों की गुमशुदगी के मामलों को गंभीरता से ले रही है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा पुलिस ने अलग-अलग स्थान से लापता दो बच्चों और एक किशोरी को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया है।
Noida News
नोएडा के थाना एक्सप्रेस वे प्रभारी सरिता मलिक ने बताया कि पुलिस को गश्त के दौरान छपरौली गोल चक्कर के पास 8 वर्षीय बच्ची अकेले घूमते हुए मिली। बच्ची को लावारिस हालत में घूमता देखकर पुलिस टीम ने उसे तुरंत अपनी अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में बच्ची ने अपना नाम बताया लेकिन वह घर का पता नहीं बता पाई। इसके बाद पुलिस टीम ने बच्ची को साथ लेकर आसपास के लोगों से उसके परिवार के बारे में जानकारी ली। कई घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची के परिजनों का पता चला जिसके बाद उन्हें थाने बुलाकर बच्ची को उनके सुपुर्द किया गया। बच्ची की मां ने बताया कि उनकी बेटी रास्ता भटक गई थी।
अमरोहा से वापस लाई पुलिस
ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक 13 वर्षीय बच्चा घर से बिना बताए चला गया है। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तुरंत पुलिस टीम का गठन किया। पुलिस ने इलेक्ट्रानिक सर्विलांस की सहायता ली तो बच्चे की लोकेशन अमरोहा में मिली। इसके बाद पुलिस की एक टीम अमरोहा पहुंची और बच्चे को वापस नोएडा लेकर आई। परिजनों को बुलाकर बच्चे को उनके सुपुर्द कर दिया गया।
8 वर्षीय बच्ची को किया तलाश
नोएडा शहर के थाना फेस 2 पुलिस को सूचना मिली कि 2 दिन पहले अलीगढ़ से अपने मामा के साथ ककराला गांव आई 8 वर्षीय बच्ची खेलते हुए लापता हो गई। पुलिस टीम ने बच्ची की तलाश शुरू की और आसपास के थानों से समन्वय स्थापित किया। थाना सूरजपुर पुलिस की सक्रियता और सहयोग से बच्ची को महज 40 मिनट के भीतर सकुशल तलाश कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।