
Noida News (चेतना मंच)। स्पेशल टॉस्क फोर्स (STF) और नोएडा के थाना सेक्टर-113 पुलिस की संयुक्त मुठभेड़ के बाद 50 हजार रूपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश पर शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद व बागपत जिले में हत्या, लूट व डकैती के दर्जनभर मुकदमें दर्ज हैं।
नोएडा पुलिस कमिश्नरेट में तैनात एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि बुधवार की रात एसटीएफ नोएडा इकाई तथा थाना सेक्टर-113 पुलिस को सूचना मिली कि एक शातिर बदमाश सेक्टर-122 में किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सेक्टर-122 की पुलिया के पास मुठभेड़ के बाद शातिर बदमाश मुनव्वर उर्फ मन्ना उर्फ छोटा भाई पुत्र मीर हसन निवासी ग्राम तितरवाड़ा, थाना कैराना जिला शामली को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए बदमाश के पास से एक तमंचा, कारतूस तथा बाइक बरामद हुई है। एडीसीपी ने बताया कि पकड़ा गया मुनव्वर शातिर किस्म का लुटेरा है जो अपने साथी के साथ मिलकर संगठित गैंग बनाकर लूट, डकैती व हत्या जैसी संगीन घटनाओं को अंजाम देता है। मुनव्वर ने अपने साथियों के साथ मिलकर गाजियाबाद के थाना लोनी क्षेत्र में वर्ष-2021 में एक परिवार को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस वारदात में बदमाशों ने मोबाइल फोन, नगदी, सोने के जेवरात तथा स्कॉर्पियो कार लूट ली थी।
गाजियाबाद पुलिस ने वारदात में शामिल अन्य बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुनव्वर फरार चल रहा था। फरार चलने के कारण उस पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए मुनव्वर पर गाजियाबाद, शामली, कैराना मुजफ्फरनगर आदि में हत्या, लूट व डकैती के करीब 14 मुकदमें दर्ज हैं।