Noida News: अब बच्चों के घर जाएंगे 511 स्कूलों के टीचर
Noida News
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 01:37 AM
Noida News । यूपी के नोएडा से एक बड़ी खबर आ रही है। खबर यह है कि नोएडा (गौतमबुद्धनगर) जिले के 511 स्कूलों के टीचर बच्चों के घर-घर जाएंगे। नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में बच्चों के घर जाकर टीचर सभी बच्चों के अभिभावकों को खास ज्ञान देंगे।
सरकारी योजना है
शायद आप इस खबर को पढ़कर आश्चर्य में पड़ गए होंगे। हम आपको बता देते हैं कि टीचर बच्चों के घर क्यों जाएंगे और क्या करेंगे। यह पूरी योजना गौतमबुद्धनगर जिले की बेसिक शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या लक्ष्मी ने तैयार की है। ऐश्वर्या लक्ष्मी को सख्त और ईमानदार शिक्षाधिकारी माना जाता है। उन्होंने बताया कि गौतमबुद्धनगर जिले में 551 सरकारी स्कूल (परिषदीय विद्यालय) हैं। इन सभी स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति कम होती जा रही है। बच्चों की उपस्थिति कम होना बेहद चिंता का विषय है। इसी बात को लेकर यह पहल की गई है।
बच्चे नहीं आते तो टीचर जाएंगे घर
नोएडा (गौतमबुद्धनगर) की जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या लक्ष्मी ने बताया कि बच्चों के स्कूल में न आने के कारण उनकी शिक्षा पूरी तरह से नहीं हो पा रही है। साथ ही स्कूलों में टीचर भी खाली बैठे रहते हैं। ऐसे में शिक्षा विभाग ने एक पहल करने का फैसला किया है। फैसला यह है कि जो बच्चे दाखिले के बाद भी स्कूल नहीं आ रहे हैं। हमारे टीचर उन बच्चों के घर जाएंगे। बच्चों के घर जाकर टीचर बच्चों के अभिभावकों को जागरूक करेंगे। टीचर अभिभावकों को बताएंगे कि बच्चों का स्कूल में जाना क्यों और कितना जरूरी है। शिक्षा विभाग को उम्मीद है कि उनका यह प्रयोग अवश्य ही सफल हो जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या लक्ष्मी ने बताया कि नोएडा (गौतमबुद्धनगर) जिले के सरकारी स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति मात्र 60 प्रतिशत तक ही दर्ज हो पा रही है। इस संख्या को नई योजना से बढ़ाया जाएगा। Noida News