पुलिस ने तीन बाइक चोरों को किया गिरफ्तार, कई बाइक बरामद
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 09:26 AM
नोएडा
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 09:26 AM
Noida News : नोएडा (चेतना मंच)। थाना एक्सप्रेसवे पुलिस ने तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की 5 बाइक दो तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपी वाहन चोरी करने के साथ-साथ चोरी की बाइकों को भी खरीदते थे। पुलिस ने तीनों वाहन चोरों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
Noida News
थाना प्रभारी सरिता मलिक ने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि दो वाहन चोर चोरी की बाइकों पर सवार होकर छपरौली गोल चक्कर की तरफ आ रहे हैं। उनके पास अवैध हथियार भी हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाजिदपुर के पास वाहनों की चैकिंग शुरू कर दी। इस दौरान दो बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से एक-एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए।
सदरपुर और सेक्टर 93 से चोरी की थी बाइक
पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम शोएब और शाहनवाज बताया। पकड़े गए शाहनवाज ने बताया कि उससे बरामद बाइक उसने सदरपुर गांव से चोरी की थी। वहीं शोएब के पास से मिली बाइक सेक्टर 93 से चोरी की गई थी। दोनों आरोपियों ने बताया कि उनके साथी अभिषेक गंदा नाला सर्विस रोड से जाने वाले रास्ते पर यमुना नदी के किनारे खड़ा हुआ है।
बाइक बेचने की फिराक में थे आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर अभिषेक को दबोच लिया इसके पास से चोरी के तीन बाइक बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि वह चोरी की बाइकों को बेचने की फिराक में थे। तीनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वह दो पहिया वाहन चोरी करने के साथ-साथ चोरी के वाहनों को भी खरीद कर उन्हें महंगे दामों में बेचते हैं। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।