
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा पुलिस ने मोबाइल लूट व चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले पांच बदमाशों को अलग-अलग स्थान से गिरफ्तार किया है। इनके पास से पांच मोबाइल फोन दो बाइक तमंचा कारतूस बच्चा को बरामद हुए हैं।
थाना सेक्टर-24 प्रभारी विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक किसी घटना को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने चौड़ा गांव से बाहर निकल रहे बाइक सवार दोनों युवकों को दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से पांच मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने अपना नाम दीपक कोठारी पुत्र किशन निवासी ग्राम बनारसी व सचिन पुत्र सतीश निवासी टीचर्स कॉलोनी जनपद बुलंदशहर बताया। दोनों आरोपियों ने कबूल किया कि उक्त मोबाइल फोन चोरी के हैं और उन्होंने इसे अलग-अलग जगह से चोरी किया है। चोरी किए गए मोबाइल फोन को वह सस्ते दामों में राह चलते लोगों को बेच देते थे।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों से बरामद बाइक दीपक के भाई प्रवीण कुमार की है जिसे वह चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल करता है। थाना सूरजपुर पुलिस ने भट्ट गोल चक्कर के पास चेकिंग के दौरान पल्सर बाइक पर आ रहे तीन युवकों को जांच के लिए रोका तथा शक के आधार पर ली गई तलाशी में उनके पास से चार मोबाइल फोन, तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद हुए।
पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम राजू अमित शर्मा व अजय बताते स्वीकार किया कि उक्त मोबाइल फोन लुटे हुए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद पल्सर बाइक भी चोरी की है उसे इन्होंने बीते दिनों चोरी किया था। पल्सर बाइक पर वह फर्जी नंबर प्लेट लगाकर आपराधिक वारदातों में प्रयोग करते थे। थाना प्रभारी के मुताबिक पकड़े गए बदमाशों ने बीते 21 दिसंबर की शाम को कौशल्या वर्ल्ड स्कूल के पास से एक युवती से मोबाइल फोन छीना था। पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर इन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।