
Noida News (चेतना मंच)। गेझा गांव में मकान की छत पर खेल रहा है एक किशोर संतुलन बिगडऩे के कारण नीचे गिर गया। गंभीर स्थिति में परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रमोद मिश्रा अपने परिवार सहित गेझा रोड स्थित अवाना मार्केट में अपने परिवार सहित रह रहे हैं। रविवार को उनका 15 वर्षीय बेटा अभिजीत मिश्रा छत पर दोस्तों के साथ खेल रहा था। इस दौरान अचानक संतुलन बिगडऩे के कारण वह नीचे जमीन पर आ गिरा। छत से गिरने के कारण अभिजीत मिश्रा को गंभीर चोट आई। परिजनों ने उसे उपचार के लिए यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात उपचार के दौरान अभिजीत मिश्रा ने दम तोड़ दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर थाना फेस-2 पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
थाना बिसरख क्षेत्र के गौर सुंदरम अपार्टमेंट के पास बाइक की टक्कर लगने से एक महिला की मौत हो गई। महिला सडक़ पर खिलौने व अन्य सामान बेचने का काम करती थी। थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि रविवार को सूचना मिली कि गौर सुंदरम अपार्टमेंट के पास एक बाइक सवार महिला को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया है। मौके पर पहुंची पुलिस गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंची जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की शिनाख्त हरदोई निवासी 48 वर्षीय उर्मिला के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि महिला अपने परिजनों के साथ फुटपाथ पर खिलौने व अन्य सामान बेचने का काम करती थी। घटना के समय भी वह सड़क पर सामान बेचने के लिए जा रही थी। इस दौरान तेज गति से आ रही बाइक की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। Noida News