
Noida News / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना जारचा क्षेत्र के ग्राम प्यावली जैतवारपुर गांव में एक किशोर की हत्या कर उसके शव को भूसे के बूंगे में रखकर जला देने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। भूसे के बूंगे से किशोर की जली हुई लाश बरामद हुई है। आज तडक़े इस घटना का पता चलने पर गांव में सनसनी फैल गई।
आज सुबह करीब 5:30 बजे पशुओं का दूध निकालने जा रहे एक दूधिया को प्यावली जैतवारपुर गांव के खेत में रखें भूसे के बूंगे में आग लगी हुई दिखाई दी। बूंगे से आंग की ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही थी। दूधिया ने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलने पर थाना जारचा पुलिस व फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान फायर कर्मियों को बूंगे में एक जला हुआ शव दिखाई दिया। उन्होंने शव को बाहर निकाला।
जारचा थाना प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 17 वर्ष के आसपास है और वह बुरी तरह से जल गया है। शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास के थाना क्षेत्रों को किशोर का शव मिलने की सूचना दे दी गई है। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि संभवत: किशोर की हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से भूस के बूंगे में रखकर आग लगा दी गई। उन्होंने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।