
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक युवक के साथ साइबर ठगी क्या हुई, कि उसकी तो किस्मत ही जाग गई। साइबर ठगी के दौरान युवक के खाते से 58 हजार रुपये निकाले गए थे, लेकिन जब उसने इसकी शिकायत नोएडा पुलिस और बैंक अधिकारियों से की तो उसे खाते में 26 लाख रुपये से अधिक की रकम पहुंच गई। नोएडा के इस युवक ने भी इस रकम का सदउपयोग करने के लिए एक पल भी नहीं गंवाया और 13 लाख से अधिक की रकम को तुरंत ही निकाल लिया। हालांकि अब पुलिस को इस युवक की तलाश है।
आपको बता दें कि नोएडा में कुछ दिनों पहले नीरज कुमार नामक युवक के खाते से 58 हजार रुपये की साइबर ठगी कर ली गई थी। साइबर ठगी का शिकार होने के बाद युवक ने तुरंत ही पुलिस और बैंक अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। युवक का बैंक खाता एक निजी बैंक में है। पुलिस से सूचना मिलने के बाद बैंक अधिकारियों ने युवक के खाते से निकाली गई 58 हजार रुपये की रकम को फ्रीज कर दिया था। जिसके बाद ठग द्वारा निकाले गए रुपयों को वापस युवक के खाते में ट्रांसफर किया जा रहा था कि बैंक कर्मचारियों की तकनीकी गलती की वजह से युवक के खाते में 26 लाख 15 हजार 905 रुपये ट्रांसफर हो गए।
एक साथ इतनी रकम का मैसेज देखकर नीरज कुमार की आंख खुली की खुली रह गई। उसने जरा भी देर नहीं लगाई और 13 लाख रुपये से अधिक चेक के माध्यम से निकाल लिए, और बाकि रकम का आनलाइन ट्रांजक्शन कर दिया। बाद में बैंक को गलती पकड़ में आई तो बैंक अधिकारियों ने संबंधित खाता धारक नीरज कुमार से संपर्क किया और निकाली गई रकम को बैंक में जमा कराने का अनुरोध किया, लेकिन नीरज कुमार ने ऐसा नहीं किया तो बैंक अधिकारी पंकज बांगर ने नीरज कुमार के खिलाफ एफआइआर दर्ज करा दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया और नीरज कुमार की तलाश कर रही है।