
नोएडा (चेतना मंच)। जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मनीष कुमार वर्मा के नेतृत्व में इंदिरा गांधी कला केंद्र सेक्टर 6 नोएडा के ऑडिटोरियम में आजादी का अमृत महोत्सव की श्रृंखला के अंतर्गत ‘मेरी माटी मेरा देश’ अमृत कलश यात्रा का जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के अन्तर्गत नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतों, विकासखंडों, ग्राम पंचायतों, गेल इंडिया लिमिटेड नोएडा, जीटीआई नोएडा व ग्रामों के वीरों की भूमि की मिट्टी व चावल के अमृत कलशों को एकत्र किया गया। एकत्र अमृत कलशों को शुक्रवार को लखनऊ के लिये रवाना किया जायेगा। जनपद स्तरीय आयोजित कार्यक्रम का राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर द्वारा दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी जनार्दन सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी कुंवर सिंह यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र बहादुर सिंह उपस्थित रहे। शुभारंभ कार्यक्रम के अवसर पर जनपद के प्रसिद्ध रागनी कलाकार ब्रह्मपाल नागर एवं उनके दल द्वारा रागनी के माध्यम से मिट्टी को नमन एवं वीरों का वंदन कराया गया। इस अवसर पर कत्थक नृत्यांगना माया कुलश्रेष्ठ के दल एवं स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनोहर प्रस्तुति की गई।
इस अवसर पर विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह ने कहा कि इस देश की माटी के कोने-कोने में असंख्य बलिदानों का रक्त आज भी विद्यमान है, जिसे एकत्र करने के लिए इस देश के प्रधानमंत्री का वह विजन जो हमारे राष्ट्र को संगठित कर सके इस सोच के साथ उन शहीदों को नमन करने का यह तरीका मेरी माटी मेरा देश करता है और याद दिलाता है कि यह आजादी जहां आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं वह बड़ी आसानी से हमें नहीं मिली। इसके पीछे असंख्य बलिदानियों का त्याग है। जिन्होंने अपने घर बार की चिंता न करते हुए सिर्फ और सिर्फ इस देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। कार्यक्रम का संचालन जिला युवा कल्याण एवं प्रा0वि0द0 अधिकारी महिपाल सिंह के द्वारा किया गया।
ग्रेटर नोएडा– नोएडा की खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।
देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।