
Noida News /ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। जनपद मथुरा में आवासीय प्लॉट दिलाने के नाम पर जालसाजों ने एक विधवा से 6 लाख 49 हजार 747 रूपये हड़प लिए। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस से गुहार लगाई लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। थक हारकर महिला ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर थाना ईकोटेक-3 में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
सर्फाबाद गांव में रहने वाली श्रीमती कमलेश साहू पत्नी स्वर्गीय राम नारायण साहू ने बताया कि गोपाल तिवारी नामक व्यक्ति ने उन्हें बताया कि डीकेएम ग्रुप की कंपनी केआरकेएल डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ग्राम महोबा बांगर तहसील माठ जिला मथुरा में आवासीय प्लॉट बेचे जा रहे हैं। उक्त व्यक्ति के झांसे में आकर वह डीकेएम ग्रुप ऑफ कंपनीज के मालिक तनुज मावी, धीरज, ईशा से जाकर मिली।
आरोपियों ने उसे अपने प्रोजेक्ट कनक कृष्णा एस्टेट में 125 वर्ग गज का प्लॉट 7 लाख 90 हजार 625 में किश्तों में देने का सौदा किया। 9 नवंबर 2015 को उसने 51 हजार रुपये बतौर टोकन अमाउंट देकर आरोपियों से रसीद ले ली। इसके बाद वह प्रत्येक माह 15214 रूपये की किस्त देती रही।
कमलेश साहू का आरोप है कि आरोपियों ने उसे वर्ष 2018 में किस्तों के बदले रसीद देना बंद कर दिया। रसीद न देने पर जब उन्हें शक हुआ तो वह मथुरा पहुंची तो पता चला कि वहां पर डीकेएम ग्रुप ऑफ़ कंपनीज तथा के आरकेएल डेवलपर प्राइवेट लिमिटेड का कोई प्रोजेक्ट नहीं है।
गत 10 मार्च को वह अपने पुत्र शैलेंद्र के साथ बिल्डर के ऑफिस गई और अपने रूपयों की मांग की तो वहां पर मौजूद तनुज मावी, धीरज, गोपाल तिवारी, पंकज आदि ने उसके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की। उसने इसकी शिकायत पुलिस से की लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। थाना प्रभारी ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। Noida News