
Noida News थाना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में रहने वाली एक 16 वर्षीय छात्रा को जबरन बाइक पर बैठा कर जंगल में ले जाकर उसके साथ अश्लील हरकत करने वाले संदीप नामक आरोपी को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि अश्लील हरकत करने वाला आरोपी युवक रिश्ते में छात्रा का मामा लगता है।
थाना एक्सप्रेसवे प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी ने बताया कि ग्राम वाजिदपुर में रहने वाले एक व्यक्ति ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय बेटी 9 मई को दोपहर 12 बजे भंगेल गांव में कोचिंग पढ़ने के लिए जा रही थी। उन्होंने बताया कि वाजिदपर गांव के पास संदीप पुत्र राजू नामक व्यक्ति उसकी बेटी को मिला तथा उसने जबरन उसकी बेटी को मोटरसाइकिल पर बैठा लिया।
उन्होंने बताया कि पीड़ित का आरोप है कि संदीप उसकी बेटी को सुनसान जगह पर लेकर गया तथा वहां पर उसने उसके साथ अश्लील हरकत करनी शुरू कर दी। लड़की के विरोध करने पर आरोपी धमकी देकर भाग गया था। पता चला है कि छात्रा आरोपी युवक को मामा कहकर बुलाती थी। आरोपी युवक संदीप छात्रा की मां का मुंहबोला भाई है।
आरोपी की गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी देते हुए थाना एक्सप्रेसवे के थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार द्वारा दी गई सूचना के आधार पर तत्काल थाने में मुकदमा दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया तथा आरोपी की शीघ्र गिरफ़्तारी हेतु टीम गठित की गई। जिसमें लोकल इंटेलिजेंस, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज आदि की मदद से थाना एक्सप्रेस वे पुलिस ने पुस्ता रोड ग्राम नगली कट के पास से आरोपी रंजीत उर्फ संदीप पुत्र राजू निवासी वाजिदपुर नोएडा को गिरफ्तार कर लिया। जिसके कब्जे से एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया है।