
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा के बरौला गांव से भगाकर ले जाई गई एक युवती को तलाशने में नोएडा पुलिस पूरी तरह से फेल (असफल) साबित हो रही है। इस घटना को एक महीना हो चुका है, किन्तु पुलिस अभी तक युवक-युवती का सुराग तक नहीं लगा पाई है। युवक एवं युवती के अलग-अलग समुदाय से होने के कारण बरौला गांव में तनाव बना हुआ है।
आपको बता दें कि गत 31 मार्च 2023 को नोएडा के बरौला गांव में रहने वाली एक युवती घर से दुकान पर कुछ सामान लेने के लिए गई थी। इसके पश्चात वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने बताया कि 1 अप्रैल को उनके पास फोन आया तथा उनकी बेटी ने बताया कि उसे रॉबिन खान नामक युवक बहला-फुसलाकर कहीं ले गया है। यह कहकर उसने फोन काट दिया। इसके पश्चात परिजनों ने घर में जांच पड़ताल की तो पता चला कि घर में रखे दो लाख रुपए तथा जेवरात भी गायब हैं।
परिजनों ने 2 अप्रैल को थाना सेक्टर-49 में युवती का अपहरण किए जाने की तहरीर देते हुए रोबिन खान के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। मुकदमा दर्ज हुए एक माह का समय बीत चुका है लेकिन पुलिस अभी तक युवती को तलाश नहीं कर पाई है। पुलिस इस मामले में आरोपी युवक के पिता बबलू हाजी व एक अन्य को षड्यंत्र रचने की धारा 120 बी के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसके बावजूद भी पुलिस को रोबिन खान व अपहृत युवती के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। आरोपी युवक व भगाकर ले जाई गई युवती के अलग-अलग समुदाय से होने के कारण बरौला गांव में तनाव व्याप्त है। युवती के परिजन उसकी बरामदगी तथा आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कई बार थाना प्रभारी से मिल चुके हैं। हर बार उन्हें आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन ही मिल रहा है
इस संबंध में सेक्टर-49 थाने के थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने चेतना मंच को बताया कि आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। संभावित स्थानों पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर युवती को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। इस विषय में अनेक लोगों से पूछताछ की गई है। भगाने व भगाकर ले जाने वाले युवक-युवती ने अपने-अपने फोन बंद कर रखे हैं। पुलिस ने मुखबिरों की भी मदद ली है, किन्तु इस घटना के एक माह बाद भी नोएडा पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं।