
Noida Online Love : उत्तर प्रदेश। कहते हैं कि प्रेम की कोई सीमा नहीं होती है। यह न तो उम्र देखता है और न ही जात बिरादरी। कब किसे किससे प्यार हो जाए, कहा नहीं जा सकता। बदलते जमाने में प्रेमी की तलाश करने और इजहार करने के तौर तरीकों में भी बदलाव आया है। अब आनलाइन लव का जमाना आ गया है। सोशल मीडिया साइट्स और गेमिंग साइट्स के प्रति युवाओं के बढ़ते क्रेज ने उनकी लाइफस्टाइल ही बदलकर रख दी है। आनलाइन लव से जुड़ा ऐसा ही एक और दिलचस्प ग्रेटर नोएडा से मामला सामने आया है।
मामला उत्तर प्रदेश के सबसे आधुनिक शहर कहे जाने वाले ग्रेटर नोएडा और कासगंज का है। ग्रेटर नोएडा की रहने वाली एक किशोरी की फेसबुक पर यूपी के कासगंज निवासी युवक की दोस्ती हो गई। शुरू में यह दोस्ती केवल दोस्ती ही रही, लेकिन बाद में ग्रेटर नोएडा की किशारी और कासगंज के युवक के रिश्तों में इतनी मधुरता आ गई कि दोनों एक दूसरे को दिल दे बैठें। फेसबुक से शुरू हुआ प्यार धीरे धीरे व्हाटसऐप चैट तक पहुंच गया।
फेसबुक लवर्स ने एक-दूसरे से मिलने का प्लान बनाया। हालांकि दोनों ने मिलने के लिए अपना शहर नहीं चुना बल्कि किसी नए शहर में मिलने का डिसाइड किया। 30 जुलाई को किशोरी अपने फेसबुक लवर से मिलने के लिए ग्रेटर नोएडा से फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद जा पहुंची। युवक भी कासगंज से वहां आ गया और दोनों की मुलाकात हो गई। यहां दोनों एक होटल में रूम लेकर एक दिन रुके भी थे।
शिकोहाबाद में एक दिन रुकने के बाद प्रेमी युगल दूसरे शहर जाने के लिए निकले। दोनों वाहन का इंतजार कर रहे थे। एक ओवरब्रिज के नीचे बैठकर दोनों बातें कर रहे थे तभी चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मियों को शक हुआ। दोनों से पूछताछ की तो उनके गोलमोल जवाब से समझ आ गया कि कहानी कुछ और है। बाद में बताया कि दोनों घर से भागकर आए हैं।
दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने युवक को हवालात में बंद कर दिया, जबकि किशोरी को थाने बैठा लिया। सूचना पर किशोरी की मां थाने पहुंची। किशोरी को हिदायत देने के साथ उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया है। Noida Online Love