पार्टनरों के उत्पीड़न से पीजी संचालक ने उठाया खौफनाक कदम
Noida News
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 02:14 AM
Noida News : पिछले दिनों नोएडा के हाजीपुर गांव में पीजी चलाने वाले युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया था। जिसमें उसके दो पार्टनरों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में लगाया गया था। इस मामले पर नोएडा के थाना सेक्टर-39 में मुकदमा दर्ज कराया गया है। वहीं पीडि़त के पिता का आरोप है कि पार्टनरों की प्रताडऩा से त्रस्त होकर उसके बेटे ने आत्महत्या की है।
बिल्डिंग को लेकर चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के ग्राम चिरोड़ी थाना लोनी जनपद गाजियाबाद निवासी जगबीर बैसला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि, उनका बेटा दीपक, वीरेंद्र सिंह और सचिन के साथ पार्टनरशिप में पीजी चलाने का काम करता था। तीनों ने मिलकर सेक्टर-104 हाजीपुर में एक बिल्डिंग किराए पर लेकर राधे पीजी चलाया जा रहा था। बिल्डिंग के मालिक अजय चपराना ने वीरेंद्र के नाम से एग्रीमेंट बनवाया हुआ था। इसके अलावा तीनों ने मिलकर दो अन्य पीजी ले रखे थे। पिछले कुछ समय से राधे पीजी नुकसान में चल रहा था। जिस पर वीरेंद्र और सचिन मिलकर उनके पुत्र को मानसिक और शारीरिक रूप से टॉर्चर कर रहे थे। दोनों का कहना था कि पीजी में हो रहे नुकसान का भुगतान उन्हें करना पड़ेगा।
दीपक ने जब यह बात उन्हें बताई तो उन्होंने पीजी से अलग हो जाने की बात कही। जगबीर बैसला के मुताबिक बीते 1 फरवरी से लेकर 10 फरवरी तक का हिसाब किताब कर 38,50,000 रूपये वीरेंद्र को दे दिए गए। इसके बावजूद भी वीरेंद्र और सचिन ने उसके बेटों को धमकी दी कि उन्हें 10 लाख रुपए देने पड़ेंगे। अगर 10 लाख रुपए नहीं दिए तो वह अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें। जगबीर बैंसला का आरोप है कि वीरेंद्र और सचिन अपने दो अज्ञात साथियों को लेकर राधे पीजी पर पहुंचे और वहां उनके बेटे आकाश से दीपक के बारे में पूछताछ की। इस दौरान आरोपियों ने आकाश के साथ गाली गलौज भी की। आकाश ने डरकर इन्हें 50,000 और दे दिए इसके बाद आरोपी बकाया पैसे देने की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी देकर चले गए। इन लोगों की धमकी से डर कर दीपक ने 11 फरवरी को 36,000 पेटीएम के माध्यम से वीरेंद्र के खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद भी वीरेंद्र और सचिन उसके बेटे की हत्या करने की बात कहते रहे।
प्रताड़ना से परेशान होकर की आत्महत्या
12 फरवरी को उनका बेटा दीपक नोएडा के पीजी के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। जगबीर बैसला ने आरोप लगाया है कि इन लोगों की प्रताडऩा से त्रस्त होकर उसके बेटे ने फांसी लगा ली है अथवा इन लोगों ने उसके बेटे की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया है। मृत्यु से पूर्व दीपक द्वारा एक वीडियो बनाया गया जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार वीरेंद्र को बताया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
Noida News