Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा में नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह द्वारा इस समय माफियाओं के खिलाफ जमकर कड़ा एक्शन लिया जा रहा है। एक स्क्रैप माफिया जहां भागा भागा फिर रहा है, वहीं दूसरी ओर बुधवार को पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के आदेश पर गैंगस्टर राजू पंडित की करोड़ों रुपये की संपत्ति को कुर्क किया गया।
पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के समस्त पुलिस अधिकारियों द्वारा अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से अपराधियों के विरुद्ध निरंतर स्तर पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। मंगलवार, 9 जनवरी 2024 को पुलिस आयुक्त न्यायालय गौतमबुद्धनगर द्वारा 14(1) गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई के अंतर्गत राजू पण्डित उर्फ राजेन्द्र पुत्र तेजप्रकाश निवासी धूममानिकपुर थाना बादलपुर गौतमबुद्धनगर के द्वारा अवैध रुप से अर्जित की गई करोड़ों रुपये की संपत्ति को कुर्क करने के आदेश पारित किए गए।
जिसके बाद बुधवार को थाना बादलपुर पुलिस ने अ.सं. 457/19 अंतर्गत धारा 2/3(1) उ.प्र. गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 के तहत गाजियाबाद जनपद की डासना तहसील के अंतर्गत ग्राम महरौली स्थित 130.53 वर्ग मीटर पर बनी मैसर्स लैंडक्राफ्ट टवलपर्स प्रा.लि.कंपनी को कुर्क किया है। कुर्क की गई संपत्ति की कीमत करीब 1,04,56,220 रुपये बताई जाती है।
इसके अलावा इस कड़ी में आज पुलिस आयुक्त न्यायालय गौतमबुद्धनगर द्वारा गुण्डा एक्ट के अंतर्गत 2 बदमाशों को कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की सीमा से जिला बदर किया गया। जिला बदर किए गए बदमाशों में प्रशांत उर्फ टोनी पुत्र धर्मेन्द्र शर्मा निवासी मोहल्ला न्यादरगंज, थाना दादरी गौतमबुद्धनगर तथा निशांत पुत्र धर्मेन्द्र शर्मा निवासी मोहल्ला न्यादरगंज थाना दादरी गौतमबुद्धनगर है।