
Noida News: नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 23 जनवरी को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “कृषि भूमि के सर्किल रेट में होगी 50 से 70 प्रतिशत तक की वृद्धि” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि जिला प्रशासन ने सर्किल रेट की प्रस्तावित दरों में फिर से बदलाव किया है। इस बार कृषि भूमि के सर्किल रेट में 50 से 70 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है। जबकि पिछली प्रस्तावित दरों में 15 प्रतिशत तक की वृद्धि करने की तैयारी थी। वहीं, सर्किल रेट के कुछ नए सेगमेंट भी बनाए गए हैं। सभी श्रेणी का सर्किल रेट बढ़ाया गया है। सर्किल रेट की प्रस्तावित दरों को मुख्य सचिव के समक्ष रखा जाएगा। उसके बाद प्रशासन सर्किल रेट की दरों को लागू करेगा। सर्किल रेट पर तीनों प्राधिकरण से भी सुझाव व आपत्तियां मांगी गई हैं।
जिला प्रशासन पिछले कई वर्ष से सर्किल रेट की दरों में वृद्धि करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन प्राधिकरण से सहयोग नहीं मिलने के कारण दरों में वृद्धि नहीं कर पा रहा है। इस बार भी प्रशासन पिछले वर्ष अगस्त माह से सर्किल रेट में वृद्धि करने की कार्रवाई कर रहा है। सर्किल रेट की दरों में वृद्धि करने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया। जिसमें 10 से 50 प्रतिशत की वृद्धि की तैयारी थी। कृषि भूमि के सर्किल रेट में 15 प्रतिशत, प्राधिकरण की संपत्ति के सर्किल रेट में 10 प्रतिशत, फ्री होल्ड जमीन में 25 से 50 प्रतिशत और फ्लैट के सर्किल रेट में 25 से 30 प्रतिशत की वृद्धि करने का प्रस्ताव तैयार किया गया। तीनों प्राधिकरण की भी इस पर . रिपोर्ट मांगी गई, लेकिन प्राधिकरण ने जवाब नहीं दिया। अब शासन स्तर से फिर स्टडी कर सर्किल रेट की दरों का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश जारी किए गए। जिस पर प्रशासन ने प्रस्तावित दरों में फिर से संशोधन किया है। अफसरों ने बताया कि कृषि भूमि के सर्किल रेट में सबसे अधिक इजाफा किया गया है। जेवर तहसील में कृषि भूमि के' सर्किल रेट में 70 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है। जबकि सदर और दादरी तहसील में 50 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है। अफसरों ने बताया, जल्द ही प्रस्तावित दरों को शासन स्तर पर भेजा जाएगा। साथ ही प्राधिकरण को भी एक प्रस्ताव जाएगा। वहां से जवाब आने के बाद इनको लागू किया जाएगा।
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “हादसों को रोकने के लिए नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर बनेंगे अंडरपास” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे और इसके आसपास के सेक्टरों के दिन जल्द ही बहुरेंगे। सेक्टर-128 सुल्तानपुर गांव के सामने 6.1 किलोमीटर पर सेक्टर- 128, 129, 132 और 108 के बीच 98 करोड़ की लागत से अंडरपास बनाया जाएगा। वहीं सेक्टर-146 झट्टा गांव के सामने 16.9 किलोमीटर पर 119 करोड़ की लागत से सेक्टर-145, 146, 155, और 159 को जोड़ते हुए अंडरपास बनेगा।
इससे बड़ी संख्या में आवासीय सेक्टर व गांवों के लोगों को लाभ होगा। आईआईटी से इसकी मंजूरी हो चुकी है। इसके अलावा सीईओ ने भी अंतिम तौर पर मंजूरी दे दी है। अब सोमवार को इसका टेंडर निकलेगा। सेक्टर-161 से 165 का होगा विकास : नोएडा में अब काफी कम जमीन बची है। ऐसे में जो सेक्टर बच गए हैं। उसको विकसित करने का काम नोएडा प्राधिकरण कर रहा है। इसी कड़ी में सेक्टर-161 से 165 के बीच सेक्टरों के विकास की कार्ययोजना बनाई गई है। इन सेक्टरों में सबसे पहले औद्योगिक और संस्थागत के प्लॉट चिह्नित किए जा रहे हैं। इसके बाद इन प्लॉटों से होते हुए सड़क बनाई जाएगी। फिर बिजली और पानी की व्यवस्था होगी। आवागमन की व्यवस्था होने के बाद इन प्लॉटों की स्कीम निकाली जाएगी।
Noida News: अमर उजाला ने 23 जनवरी 2025 के अंक में प्रमुख समाचार “देर रात बारिश से फिर बदला मौसम का मिजाज” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि देर रात बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया। बुधवार आधी रात के बाद बारिश से पारा लुढ़क गया। इससे पहले दिन में निकली तेज धूप से अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में 25 डिग्री के पार चला गया। इस वजह से पूरे दिन गर्मी का अहसास होता रहा। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। 19 जनवरी से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हो रही है। पिछले तीन-चार दिनों में तापमान 24-25 डिग्री के आसपास घूम रहा है। नोएडा का एक्यूआई 131 तो ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 173 दर्ज किया गया।
समाचार दैनिक जागरण से
Noida News: दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 23 जनवरी 2025 का प्रमुख समाचार “नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की 45 किमी. सड़क सिक्योरिटी फीचर से होगी लैस” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि नोएडा- ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के 45 (24.5 किलोमीटर दोनों तरफ) किलोमीटर सड़क को सिक्योरिटी फीचर से लैस किया जाएगा। यह सिक्योरिटी इंडियन रोड कांग्रेस (आइआरसी) मानकों के आधार होगी। प्राधिकरण की ओर से कंसल्टेंट कंपनी रीजनल सेंटर फार अर्बन एंड इनवायरमेंटल स्टडीज ने नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे (सेक्टर-14 स्थित गौतमबुद्ध नगर गेट से सेक्टर- 150 नोएडा तक) का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की है। कंपनी ने दो दिन तक सुबह और रात दोनों समय नोएडा- ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर गुजरने वाले 10 लाख वाहनों के दबाव के प्रत्येक पहलुओं का अध्ययन कर रिपोर्ट तैयार कर नोएडा प्राधिकरण सीईओ को सौंप दी है। मानकों को पूरा करने के लिए आने वाले खर्च का एस्टीमेट तैयार कर सीईओ ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। सर्वे के दौरान कंपनी ने देखा कि एक्सप्रेसवे पर लेन को अलग- अलग रखने को बनी सफेद पट्टी की चौड़ाई कम है। कई स्थानों पर बोलार्ड व रिफ्लेक्टर नहीं है, जिन स्थानों पर साइन बोर्ड होने चाहिए वहां नहीं है। क्रैश बैरियर के अंदर विज्ञापन के 12, इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी एंड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आइएसटीएमएस) के 8, साइनेज के 21 पोल मौजूद हैं। 13 स्ट्रक्चर एफओबी के हैं और 19 पब्लिक टायलेट' व यूरिनल भी मौजूद हैं लइनमें से अधिकांश के पहले साइनेज बोर्ड नहीं है। एक्सप्रेसवे पर किमी प्वाइंट नहीं है। यह एक एक्सप्रेसवे के सिक्योरिटी फीचर है। इनमें ही सुधार लाया जाएगा। जहां भी इन सिक्योरिटी फीचर की कमी है उसे पूरा किया जाएगा। कंपनी फीचर के हिसाब से एस्टीमेट तैयार करेगी। जिसको परीक्षण के लिए आइआइटी दिल्ली भेजा जाएगा। इसके बाद टेंडर जारी कर काम होगा। कंपनी का चयन होने के छह माह में इस सिक्योरिटी फीचर के कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। एक्सप्रेसवे पर हादसे भी इन्ही सिक्योरिटी फीचर में कमी की वजह से हुए। बता दें कि यह एक्सप्रेसवे दिल्ली को नोएडा और ग्रेटर नोएडा से जोड़ता है। यही से आगरा एक्सप्रेसवे को भी जीरो प्वाइंट पर जोड़ता है। समसामरिक दृष्टि से यह काफी महत्वपूर्ण है। रोजाना इस एक्सप्रेसवे से 10 लाख से ज्यादा वाहन निकलते हैं। इस एक्सप्रेसवे पर सिक्योरिटी फीचर काफी अहम है।
24.5 किमी लंबा नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे सिटी सर्विलांस सिस्टम के अंदर आता है। इसकी निगरानी के लिए आइएसटीएमएस के तहत कैमरे लगे हैं। इन कैमरों को पोल पर लगाया गया है। पोल क्रैश बैरियर के अंदर यानी एक्सप्रेसवे की ओर लगे हैं। कुछ हिस्सा ग्रेनो प्राधिकरण के पास भी है। इसके लिए इसे सिक्योरिटी लैस एक्सप्रेसवे बनाना चाहते है।
Noida News: दैनिक जागरण के 23 जनवरी 2025 के अंक में अगला प्रमुख समाचार “लापरवाही उजागर, उद्यान निदेशक को प्रतिकूल प्रविष्टि” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि 30 नवंबर 2024 और छह जनवरी को नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर प्राधिकरण सीईओ ने उद्यानिक निरीक्षण किया था। उद्यान विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया था कि वह खामियों को जल्द से जल्द दुरुस्त कर लें, लेकिन निर्देशों का समय से पालन नहीं किया गया। बुधवार को एक बार फिर से प्राधिकरण सीईओ डा. लोकेश एम ने निरीक्षण किया, जिसमें विभागीय लापरवाही उजागर होने पर नाराजगी जताते हुए बड़ी कार्रवाई कर दी। इसमें उद्यान निदेशक आनंद मोहन सिंह को विभागीय लापरवाही पर प्रतिकूल प्रविष्टि थमा अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने का आदेश जारी कर दिया।
बता दें कि बुधवार को प्राधिकरण सीईओ नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते सेक्टर-150 का निरीक्षण करने सड़क पर उतरे। इस दौरान उन्होंने सिविल, उद्यान, विद्युत यांत्रिकी, अतिक्रमण, साफ सफाई का जायजा लिया, मौके पर विभागों के कार्य की समीक्षा की। इस दौरान नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के समानांतर सेक्टर-150, 152 में नाला निर्मित न होने के कारण उक्त स्थान पर वेस्ट वाटर ग्रीन बेल्ट में जा रहा था। इससे यहां गंदगी पनप रही थी। इसके लिए अस्थायी व्यवस्था करने का निर्देश दिया। गोल चक्कर पर फाउंटेन को आकर्षित करने का निर्देश दिया गया। सिविल विभाग उपमहाप्रबंधक विजय कुमार रावल, वर्क सर्किल दस वरिष्ठ प्रबंधक प्रवीन सलोनिया समेत अन्य मौजूद रहे।
Hindi News: दैनिक जागरण के 23 जनवरी के अंक में “जिला अस्पताल में महिला का शव छोड़कर भागा युवक, तीन घंटे बाद शुरू हुई पुलिस की जांच” शीर्षक से भी समाचार प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि जिला अस्पताल में बुधवार दोपहर एक युवक लहूलुहान महिला का शव छोड़कर फरार हो. गया। इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सक और प्रबंधन के अधिकारियों को घटना की सूचना मिली तो होश उड़ गए। सूचना पुलिस को दी।
आरोप है कि पुलिस ने फरार युवक की पहचान नहीं होने पर करीब तीन घंटे तक शव कब्जे में नहीं लिया। शाम साढ़े छह बजे करीब डीसीपी व एडीसीपी को घटना का पता चलने पर पुलिस हरकत में आई और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे एक युवक महिला (30) को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा था। कुछ देर बाद वह इमरजेंसी वार्ड में महिला को छोड़कर फरार हो गया। डाक्टर और स्टाफ ने जांच की तो महिला की मौत हो चुकी थी। प्रबंधन ने युवक के बारे में पूछा तो पता नहीं चला। तुरंत थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी के वाट्सएप नंबर पर घटना की सूचना भेजी गई। आरोप है कि कई घंटे तक किसी ने कोई संज्ञान नहीं लिया। स्टाफ के लोगों ने दोबारा पुलिस से संपर्क किया। तब पुलिसकर्मियों ने युवक की जानकारी के बारे में पूछा तो अस्पताल से पुख्ता जानकारी नहीं मिली। लापरवाही की हद तब हो गई जब शाम पांच बजे तक पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच नहीं की। करीब साढ़े छह बजे डीसीपी रामबदन सिंह और एडीसीपी मनीष मिश्र व एसीपी प्रवीण कुमार सिंह को सूचना मिली तो पुलिसकर्मी हरकत में आए व जांच करने अस्पताल गए। वहां महिला पुलिसकर्मी को बुलाकर जांच की। एसीपी प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि महिला की मौत कैसे हुई। उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा। आशंका है कि सड़क हादसे में महिला घायल हो गई होगी।
ग्रेटर नोएडा – नोएडाकीखबरोंसेअपडेटरहनेकेलिएचेतनामंचसेजुड़ेरहें।
देश–दुनियाकीलेटेस्टखबरोंसेअपडेटरहनेकेलिएहमेंफेसबुकपरलाइककरेंयाट्विटरपरफॉलोकरें।