Gujrat News: शंकर चौधरी चुने गए गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष
Gujrat News
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 03:31 PM
Gujrat News: गांधीनगर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक शंकर चौधरी मंगलवार को निर्विरोध गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए।
वहीं गांधीनगर में 15वीं राज्य विधानसभा के पहले सत्र के दौरान भाजपा के वरिष्ठ विधायक जेठाभाई भारवाड को निर्विरोध उपाध्यक्ष चुना गया।
Gujrat News
विपक्षी दल कांग्रेस के साथ ही आम आदमी पार्टी (आप) ने भी सत्तारूढ़ पार्टी के विधायक चौधरी और भारवाड का समर्थन किया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने चौधरी, जबकि राज्य के वित्त मंत्री कन्नू भाई देसाई ने भारवाड का नाम सुझाया था।
बनासकांठा जिले की थराड सीट के प्रतिनिधि चौधरी 2014 और 2017 के बीच आनंदीबेन पटेल और विजय रूपाणी के नेतृत्व वाली गुजरात सरकारों में मंत्री रह चुके हैं। 2017 में वाव सीट पर उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
भारवाड पंचमहल जिले की शेहरा विधानसभा सीट से छह बार के विधायक हैं। वह 2021 से 2022 के बीच 14वीं विधानसभा में एक साल के लिए उपाध्यक्ष रह चुके हैं।
भारवाड पंचमहल डेयरी के, जबकि चौधरी बनास डेयरी के अध्यक्ष हैं। इससे पहले निर्वाचित विधायकों ने सोमवार को विधानसभा की सदस्यता की शपथ ली थी।
हाल ही में संपन्न गुजरात विधानसभा चुनाव में 182 सीट में भाजपा ने 156 सीट पर जीत हासिल की, वहीं विपक्षी दल कांग्रेस 17 सीट के साथ दूसरे स्थान पर रही। चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) ने पांच सीट पर जीत हासिल की। तीन सीट पर निर्दलीय जीते थे, जबकि एक सीट समाजवादी पार्टी के खाते में गई।
भूपेंद्र पटेल ने 12 दिसंबर को राज्य के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। पटेल के साथ 16 मंत्रियों ने भी शपथ ली थी।