PM AJAY Yojana Haryana: इस योजना के तहत पात्र लोगों को 6 लाख रुपये तक का लोन सिर्फ 6 प्रतिशत ब्याज दर पर मिल सकता है। इसके साथ ही सरकार की ओर से 50 हजार रुपये तक की सब्सिडी का भी प्रावधान है।

अगर आप अपना छोटा कारोबार शुरू करना चाहते हैं लेकिन पैसों की कमी की वजह से आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। हरियाणा सरकार केंद्र सरकार की योजना के तहत ऐसे लोगों को कम ब्याज दर पर लोन उपलब्ध करा रही है जिससे वे अपना रोजगार शुरू कर सकें। इस योजना के तहत पात्र लोगों को 6 लाख रुपये तक का लोन सिर्फ 6 प्रतिशत ब्याज दर पर मिल सकता है। इसके साथ ही सरकार की ओर से 50 हजार रुपये तक की सब्सिडी का भी प्रावधान है। इससे छोटे कारोबार शुरू करने वाले लोगों को आर्थिक मदद मिलेगी और उन्हें महंगे ब्याज वाले निजी कर्ज से राहत मिल सकती है।
दरअसल, हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की ओर से केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PM AJAY) के तहत यह सुविधा दी जा रही है। इस योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति और बीपीएल परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ना है। योजना के जरिए पात्र परिवारों को अपना छोटा व्यवसाय शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी।
इस योजना का लाभ अनुसूचित जाति और बीपीएल वर्ग के परिवारों को मिलेगा। इसके लिए परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। यानी जिन परिवारों की मासिक आय करीब 25 हजार रुपये तक है वे इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। पात्र लाभार्थियों को 1 लाख रुपये से लेकर 6 लाख रुपये तक का लोन कम ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना के तहत करीब 20 अलग-अलग तरह के काम शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: हर महीने ₹1000 और बेटी के भविष्य की टेंशन खत्म! दमदार सरकारी स्कीम
PM AJAY योजना के तहत लोग अपनी जरूरत और रुचि के अनुसार कई छोटे व्यवसाय शुरू कर सकते हैं। इसमें किराना और ग्रॉसरी स्टोर, कॉस्मेटिक की दुकान, ब्यूटी पार्लर, चाय की दुकान, मिठाई और नाश्ते की दुकान जैसे काम शामिल हैं। इसके अलावा ड्रोन फोटोग्राफी, जन सेवा केंद्र, साइबर कैफे, ऑनलाइन सेवा केंद्र, ढाबा, टिफिन सर्विस, मैकेनिक शॉप और ऑटो से जुड़े कामों के लिए भी लोन लिया जा सकता है। योजना के तहत फल-सब्जी की दुकान, जूस सेंटर, आटा चक्की, स्टेशनरी की दुकान, फर्नीचर का काम, वेल्डिंग, पेंट की दुकान, सीसीटीवी लगाने का काम और कमर्शियल वाहन संचालन जैसे व्यवसाय भी शामिल किए गए हैं।
सरकार की इस पहल से खासतौर पर उन लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है जो कम पूंजी की वजह से अपना काम शुरू नहीं कर पाते हैं। कम ब्याज दर पर मिलने वाले लोन से लोग अपने छोटे कारोबार को शुरू कर सकेंगे और धीरे-धीरे अपनी आमदनी बढ़ा सकेंगे। इसके अलावा सब्सिडी मिलने से लाभार्थियों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा। योजना का उद्देश्य लोगों को नौकरी तलाशने के बजाय अपना रोजगार शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
फिलहाल इस योजना को अंतिम मंजूरी मिलने का इंतजार है। राज्य सरकार की ओर से योजना को फाइनल अप्रूवल मिलना अभी बाकी है। मंजूरी मिलने के बाद आवेदन प्रक्रिया, पात्रता की पुष्टि और लाभार्थियों के चयन से जुड़ी जानकारी जारी की जाएगी। सरकार की ओर से योजना लागू होने के बाद इच्छुक लोग निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकेंगे। इसलिए पात्र लोगों को सलाह दी जाती है कि वे योजना से जुड़ी आधिकारिक जानकारी पर नजर बनाए रखें।
विज्ञापन