
MS Dhoni : महेंद्र सिंह धोनी, जिनकी गिनती क्रिकेट इतिहास के सबसे चतुर और तेज़ विकेटकीपरों में होती है, एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। इस बार वजह है टीम इंडिया के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री का वो बयान, जिसमें उन्होंने धोनी की विकेटकीपिंग कला की तुलना जेबकतरे से कर दी। यह बयान भले ही मज़ाकिया था, मगर इसके पीछे छिपी तारीफ ने हर किसी का ध्यान खींचा है।
आईसीसी के एक कार्यक्रम के दौरान रवि शास्त्री ने कहा, “धोनी के हाथ जेबकतरे से भी तेज़ हैं। अगर आप किसी बड़े मैच के दौरान भारत, खासकर अहमदाबाद में हों, तो चाहेंगे कि धोनी आपके पीछे न हों... कहीं बटुआ न उड़ जाए।” यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। इसके अलावा पूर्व कोच रवि शास्त्री ने धोनी की मानसिक स्थिरता को लेकर भी बड़ी बात कही। उन्होंने बताया कि धोनी के चेहरे पर न तो शतक के समय कोई खास उत्साह झलकता है और न ही ‘डक’ पर आउट होने पर कोई तनाव। "चाहे वर्ल्ड कप जीतें या शून्य पर लौटें, उनकी भाव-भंगिमा एक जैसी ही रहती है," शास्त्री ने कहा। यह गुण धोनी को बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाता है।