
IPL : आईपीएल जैसे विश्व स्तरीय मंच पर जब कोई 14 वर्षीय खिलाड़ी मैदान में उतरता है, तो यह अपने आप में एक ऐतिहासिक क्षण बन जाता है। लेकिन जब वही खिलाड़ी बल्ले से रिकॉर्डों की बारिश कर दे, तो वह क्षण सिर्फ ऐतिहासिक नहीं, अविश्वसनीय बन जाता है। राजस्थान रॉयल्स की ओर से डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी ने कुछ ऐसा ही कमाल कर दिखाया है — जिसने भारतीय क्रिकेट को एक नया सितारा दिया है।
आईपीएल 2025 के 18वें सीजन ने कई युवा खिलाड़ियों को सामने लाया, लेकिन वैभव सूर्यवंशी की कहानी बाकी सब से अलग है। उन्होंने न सिर्फ सबसे कम उम्र में आईपीएल में पदार्पण किया, बल्कि अपने खेल से ऐसा जादू बिखेरा कि हर कोई उनकी तारीफ किए बिना नहीं रह सका।
सिर्फ 7 मैच, 36 का औसत, 252 रन, 1 शतक, 1 अर्धशतक — ये आंकड़े किसी अनुभवी बल्लेबाज़ के लग सकते हैं, लेकिन जब इन्हें अंजाम देने वाला खिलाड़ी महज़ 14 साल का हो, तो यह क्रिकेट की परिभाषा को नया अर्थ देता है।
वैभव ने महज़ 14 साल और 23 दिन की उम्र में आईपीएल में पहला मुकाबला खेला, और इस तरह वे लीग इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए एक मुकाबले में वैभव ने महज़ 35 गेंदों में शानदार शतक ठोक दिया, जो किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा अब तक का सबसे तेज़ IPL शतक है।
इस कारनामे के साथ वैभव सूर्यवंशी टी20 क्रिकेट (अंतरराष्ट्रीय और घरेलू दोनों स्तरों पर) में 14 साल 32 दिन की उम्र में शतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए।
इस अभूतपूर्व प्रदर्शन के साथ वैभव आईपीएल इतिहास में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं।
गुजरात के खिलाफ उसी पारी में वैभव ने 11 छक्के जड़े, जिससे उन्होंने ईशान किशन का रिकॉर्ड तोड़ दिया और अनकैप्ड खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। IPL