
आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 से न्यूजीलैंड की टीम बाहर हो गई है। 23 अक्टूबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में भारत के हाथों 53 रनों से हार के बाद टीम की कप्तान सोफी डिवाइन बेहद भावुक नजर आईं। न्यूजीलैंड की इस हार के साथ ही टीम इंडिया ने सेमीफाइनल का टिकट काट लिया, जहां ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड पहले ही क्वालिफाई कर चुकी हैं। सोफी डिवाइन के लिए यह टूर्नामेंट खास इसलिए भी है क्योंकि वह वनडे क्रिकेट को अलविदा कहने वाली हैं। डिवाइन ने न्यूजीलैंड के लिए अब तक 158 वनडे और 146 टी20 मुकाबले खेले हैं और उनके नेतृत्व में पिछले साल न्यूजीलैंड ने वुमेन्स टी20 वर्ल्ड कप भी जीता था। ICC Women's Cricket World Cup 2025
भारत से हार के बाद डिवाइन ने अपनी टीम और करियर पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा - हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करना बेहद कठिन होता है, लेकिन मुझे इस टीम और युवा खिलाड़ियों पर गर्व है। इसाबेला गेज, ब्रूक हैलीडे, एमेलिया केर और ईडन कार्सन जैसी खिलाड़ी अब खुद को साबित कर रही हैं। जैसे एक मां अपने बच्चों को बढ़ते हुए देखती है, मुझे इसी तरह का सुकून मिलेगा जब मैं अगला और अंतिम मैच खेलकर टीम से विदा लूंगी। न्यूजीलैंड का फेयरवेल मैच 26 अक्टूबर को इंग्लैंड के खिलाफ खेला जाएगा।
सोफी डिवाइन ने स्वीकार किया कि हारना हमेशा कठिन होता है। उन्होंने कहा, हमने पावरप्ले में बेहतरीन गेंदबाजी की, लेकिन जब कोई टीम 200 से ज्यादा की साझेदारी कर लेती है, तो दबाव बढ़ जाता है। भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और शायद 20–30 रन ज्यादा बना दिए। हम भी इंसान हैं, हमारे जज्बात हैं, आलोचना और उम्मीदों का बोझ महसूस होता है। डिवाइन ने यह भी कहा कि इस टूर्नामेंट में मौसम की बाधाओं ने उनकी टीम को प्रभावित किया। कोलंबो में दो मैच बारिश में धुल गए और शुरुआती हारों ने टीम पर दबाव बढ़ा दिया। हमने जितनी मेहनत की, शायद किसी ने नहीं की होगी। लेकिन खेल में मेहनत का मतलब हमेशा जीत नहीं होता। हार से उबरकर हम इंग्लैंड के खिलाफ पूरी ताकत से खेलेंगे। जीतें या हारें, हम मैदान से सिर ऊंचा करके बाहर निकलेंगे।
भारत के खिलाफ मुकाबला न्यूजीलैंड के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनने के बावजूद भारत की ओपनिंग जोड़ी प्रतीका रावल (122) और स्मृति मंधाना (109) ने पहले विकेट के लिए 212 रन की साझेदारी कर दी। डीएलएस नियम के तहत न्यूजीलैंड को 44 ओवर में 325 रनों का लक्ष्य मिला, लेकिन ब्रूक हैलीडे (81) और इसाबेला गेज (नाबाद 65) की पारी के बावजूद टीम जीत से दूर रह गई। सोफी डिवाइन की कप्तानी में न्यूजीलैंड ने आखिरी मैच में पूरी ताकत दिखाई, लेकिन भारतीय टीम की दमदार बल्लेबाजी के आगे टीम जिता नहीं सकी। ICC Women's Cricket World Cup 2025