
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के लिए बड़ी चुनौती सामने आ गई है। टीम के टेस्ट कप्तान और तेजतर्रार ऑलराउंडर पैट कमिंस निचली पीठ की चोट के कारण भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली लिमिटेड ओवर सीरीज से बाहर हो गए हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने आधिकारिक बयान में इसकी पुष्टि की। ऑस्ट्रेलिया की टीम फिलहाल ब्रेक पर है और अक्टूबर की शुरुआत में ही मैदान पर लौटेगी। 1 अक्टूबर से टीम तीन मैचों की T20I सीरीज के लिए न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी। इसके बाद टीम 19 अक्टूबर से भारत दौरे पर नजर आएगी, जहां तीन वनडे और पांच T20I मैच खेले जाएंगे। Pat Cummins
32 वर्षीय पैट कमिंस इस साल यूके और कैरेबियन दौरे पर चार टेस्ट मैचों में 95 से अधिक ओवर फेंक चुके हैं। इसके बाद उन्हें पीठ में तकलीफ महसूस हुई। स्कैन रिपोर्ट में पता चला कि उनकी कमर की हड्डियों पर दबाव (lumbar bone stress) है, जो पूरी तरह ठीक होने में समय लेगा। यह वही पुरानी चोट है जिसने उनके करियर की शुरुआत में भी उन्हें परेशान किया था। अब सवाल उठता है कि क्या कमिंस एशेज सीरीज में पूरी क्षमता के साथ वापसी कर पाएंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा है कि कमिंस इस अवधि में अपने रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम पर काम करेंगे और उनकी गेंदबाजी में वापसी एशेज के अनुसार तय की जाएगी।
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने अपनी ताकत और गहराई का परिचय देते हुए न्यूजीलैंड दौरे के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कप्तानी मिचेल मार्श को सौंपी गई है, जबकि अनुभवी मार्कस स्टोयनिस की वापसी से ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी और ऑलराउंडिंग क्षमता और भी मजबूत हुई है।
न्यूजीलैंड दौरे का शेड्यूल
1 अक्टूबर: पहला T20I, बे ओवल, माउंट माउंगानुई
3 अक्टूबर: दूसरा T20I, बे ओवल, माउंट माउंगानुई
4 अक्टूबर: तीसरा T20I, बे ओवल, माउंट माउंगानुई
ऑस्ट्रेलिया की टीम (न्यूजीलैंड दौरे के लिए): मिचेल मार्श (कप्तान), सीन एबॉट, टिम डेविड, जेवियर बार्टलेट, बेन ड्वारशुइस, जॉश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जॉश इंग्लिस, मैथ्यू कुन्हेमन, ग्लेन मैक्सवेस, मिचेल ओवन, मैथ्यू शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस, एडम जम्पा। Pat Cummins