Test Cricket : यह सिर्फ शुरुआत है, करियर को काफी आगे ले जाना चाहूंगा : जायसवाल
This is just the beginning, would like to take my career much further: Jaiswal
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2025 04:52 AM
रोसीयू। पदार्पण टेस्ट में शतक जड़ने से खुश भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने कहा कि यह तो बस शुरुआत है। वह अपने करियर को काफी आगे तक ले जाना चाहेंगे।
143 रन बनाकर अभी नाबाद हैं यशस्वी
इस वामहस्त बल्लेबाज ने खुलासा किया कि वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरुआती टेस्ट से पहले कप्तान रोहित शर्मा के शब्दों ने उन्हें अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। यह 21 साल का खिलाड़ी तीसरे दिन की समाप्ति पर 143 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद है, जिससे भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी बढ़त को 162 रन तक पहुंचा दिया।
Test Cricket
रोहित ने दी प्रेरणा
जायसवाल ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह तो सिर्फ मेरे करियर का आगाज है। कोशिश करूंगा कि कितना लंबा लेकर जा सकूं। इस युवा बल्लेबाज ने 215 गेंद में अपना शतक पूरा किया। इस दौरान रोहित ने उनका शानदार तरीके से साथ दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिये 229 रन की साझेदारी की। यह टेस्ट में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की ओर से पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी थी। इससे पहले यह रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग और वसीम जाफर के नाम था। इस जोड़ी ने 2006 ग्रोस आइलेट टेस्ट में 159 रन की साझेदारी की थी।
परिवार ने यूपी से किया मुंबई पलायन
जायसवाल ने कहा कि बल्लेबाजी के दौरान मैं रोहित से लगातार बात कर रहा था। वह मुझे समझा रहे थे कि इस विकेट पर किस तरह से बल्लेबाजी करनी है और कैसे रन निकालने हैं। हमारे बीच अच्छा कम्युनिकेशन था। वह मैच से पहले भी मेरा हौसला बढ़ा रहे थे, वह कह रहे थे कि मैं अच्छा कर सकता हूं। मैं भी इस बारे में सोच रहा था कि मुझे कैसे रन बनाना है और मानसिक तैयारी कैसी रखनी है। मैंने काफी कुछ सीखा है। इसे जारी रखने की कोशिश करुंगा। जायसवाल की अब तक यात्रा काफी प्रेरणादायी रही है। उनके परिवार ने उत्तर प्रदेश से मुंबई पलायन किया, जहां इस खिलाड़ी ने क्रिकेट में अपनी पहचान बनानी शुरू की।
Test Cricket
जायसवाल ने उठाया मौके का पूरा फायदा
अंडर-19 और फिर आईपीएल में प्रभावित करने के बाद जायसवाल को चोटिल लोकेश राहुल की जगह टीम में मौका मिला। शुभमन गिल के बल्लेबाजी क्रम में तीसरे स्थान पर आने का फैसला करने के बाद जायसवाल ने रोहित के साथ भारतीय पारी का आगाज किया। उन्होंने इस मौके को पूरी तरह से भुनाया और पदार्पण पर शतक जड़ने वाले 17वें भारतीय बल्लेबाज बनें। वह अपनी नाबाद 143 रन की पारी के साथ ही पदार्पण पर एशिया से बाहर सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गये। उन्होंने इस मामले में पूर्व कप्तान और दिग्गज सौरव गांगुली (इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में 131 रन) को पीछे छोड़ा।
माता-पिता को समर्पित यह शतक
जायसवाल ने कहा कि मुझे बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। मेरे लिए यह भावनात्मक क्षण है। मैं इसका लुत्फ उठा रहा हूं। मैं अभी नाबाद हूं और खेलना जारी रखना चाहूंगा। मैं यह शतक अपने माता-पिता को समर्पित करना चाहूंगा। मेरी जिंदगी में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा है और भगवान भी हैं। मैं अभी ज्यादा कुछ नहीं बोलना चाहूंगा, यह सिर्फ शुरुआत है, और मैं इसे जारी रखना चाहता हूं। जायसवाल ने प्रथम श्रेणी में 26 पारियों में 80 के औसत 1,845 रन बनाये है। उन्होंने इस दौरान नौ शतक जड़े हैं। लिस्ट ए (50 ओवर का घरेलू क्रिकेट) में उनके नाम दोहरा शतक भी है।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।
#testcricket #yashaswijaisawal #teamindia #westindies