क्या इस दीपावली अमेठी के बाजारों में 100 करोड़ रुपये की धनवर्षा होने वाली है ? धनतेरस और दीपावली के त्योहार को लेकर जिले के व्यापारियों में इस बार खासा उत्साह क्यों दिखाई दे रहा है ?

UP News : धनतेरस और दीपावली के त्योहार ने अमेठी के बाजारों में रौनक बढ़ा दी है। सोना-चांदी, दोपहिया वाहनों और अन्य सामान की खरीदारी को लेकर ग्राहकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। व्यापारियों को इस बार त्योहार पर जिले में करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। आभूषण की दुकानों से लेकर वाहन एजेंसियों तक ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है।
यह भी पढ़ें :योगी के गढ़ से BJP ने शुरू की 2027 की तैयारी, इन मुद्दों पर रहेगा फोकस
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष हरिशंकर जायसवाल के मुताबिक, धनतेरस और दीपावली के अवसर पर जिले में लगभग 100 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। वहीं, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने बताया कि सोना-चांदी और वाहनों समेत विभिन्न कारोबार को मिलाकर करीब 65 करोड़ रुपये के व्यापार की संभावना है। त्योहार को देखते हुए आभूषण की दुकानों पर ग्राहकों की संख्या बढ़ रही है। लोग शुभ मुहूर्त में खरीदारी के साथ सोने-चांदी में निवेश को भी प्राथमिकता दे रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : पूर्वांचलएक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, डिवाइडर तोड़कर नीचे उतरा ट्रेलर; केबिन में फंसा चालक
अमेठी के वाहन बाजार में भी दीपावली का उत्साह दिखाई दे रहा है। टीवीएस एजेंसी में अब तक 70 वाहनों की बुकिंग हो चुकी है, जबकि हीरो होंडा एजेंसी में 80 वाहनों की अग्रिम बुकिंग दर्ज की गई है। इस तरह दोनों एजेंसियों में कुल 150 दोपहिया वाहनों की बुकिंग हो चुकी है। त्योहार के मद्देनजर वाहन खरीदने वाले ग्राहकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। एजेंसियों को उम्मीद है कि धनतेरस और दीपावली के आसपास बुकिंग और बिक्री में तेजी आएगी।
धनतेरस और दीपावली को लेकर बाजारों में खरीदारी का माहौल बना हुआ है। आभूषण, दोपहिया वाहनों और अन्य जरूरत के सामान की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ रही है। व्यापारियों का मानना है कि त्योहार के शेष दिनों में खरीदारी और तेज होगी, जिससे अमेठी के बाजारों में कारोबार को अच्छा उछाल मिल सकता है।
विज्ञापन