सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर डिवाइडर तोड़कर नीचे उतर गया। हादसे में चालक केबिन में फंस गया, जिसे पुलिस, फायर ब्रिगेड और यूपीडा की टीम ने एक घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाहर निकाला।

UP News : उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए एक्सप्रेसवे से नीचे उतर गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसके अंदर फंस गया। पुलिस, फायर ब्रिगेड और यूपीडा की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला। घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे दोस्तपुर थाना क्षेत्र में खालिसपुर दुर्गा गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 156 के नजदीक हुआ। तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर को तोड़ते हुए एक्सप्रेसवे से नीचे उतर गया। ट्रेलर करीब 100 मीटर तक डिवाइडर को क्षतिग्रस्त करता चला गया। हादसे के बाद ट्रेलर का अगला हिस्सा और केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक केबिन में फंस गया, जिसके कारण उसे बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया।
यह भी पढ़ें : राहुल गांधी को इलाहाबाद हाई कोर्ट से राहत, FIR की मांग वाली याचिका खारिज
हादसे की सूचना मिलते ही दोस्तपुर थाना प्रभारी नारद मुनि सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य के लिए फायर ब्रिगेड और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की यूपीडा टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और बचाव दल ने संयुक्त रूप से चालक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला जा सका। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दोस्तपुर पहुंचाया गया।
घायल चालक की पहचान जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी दान बहादुर विश्वकर्मा के रूप में हुई है। हादसे में घायल चालक का सीएचसी दोस्तपुर में इलाज चल रहा है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर का पंजीकरण नंबर BR 24 GD 3502 बताया गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रेलर किस वजह से अनियंत्रित हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटनास्थल की स्थिति और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
विज्ञापन