बलिया के सिकंदरपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के तहत 76 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने दिया आशीर्वाद, जानें योजना से जुड़ी खास बातें।

UP News : उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के सिकंदरपुर स्थित गांधी इंटर कॉलेज के मैदान में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का बेहद भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के बीच इस कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने किया। इस सामूहिक विवाह समारोह में कुल 76 नवदंपतियों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर अपने नए जीवन की शुरुआत की। डीएम ने सभी वर-वधुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया और उनके सुखमय दांपत्य जीवन की मंगलकामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि आपसी प्रेम, विश्वास और सहयोग से ही एक खुशहाल परिवार और प्रगतिशील समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं। UP News :
यह भी पढ़ें : चित्रकूट मेले में पहली बार 500 ड्रोन से दिखेगी रामायण की गाथा
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रति विवाह कुल 1 लाख रुपये का प्रावधान है। इसमें से ₹64,000 की सहायता राशि सीधे वधू के बैंक खाते में डीबीटी (DBT) के माध्यम से ट्रांसफर की जाती है। उन्होंने नवविवाहिताओं से इस धनराशि का सही उपयोग कर स्वरोजगार या छोटे व्यवसाय के जरिए आत्मनिर्भर बनने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी (CDO) आलोक कुमार, जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे, जिला प्रोबेशन अधिकारी अमरेंद्र कुमार सिंह और जिला समाज कल्याण अधिकारी रमेश कुमार समेत कई प्रमुख प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में वर-वधू पक्ष के परिजन मौजूद रहे। UP News :
विज्ञापन