बांदा से चित्रकूट तक NH-35 के 70 किलोमीटर लंबे हिस्से का कायाकल्प होगा। केंद्र सरकार ने सड़क सुधार के लिए 86.21 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। पांच पुलियों का पुनर्निर्माण, आरसीसी नालियां और सुरक्षा इंतजाम भी किए जाएंगे।

UP News: उत्तर प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में बांदा और चित्रकूट के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। झांसी-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-35 (NH-35) के बांदा से चित्रकूट तक के 70 किलोमीटर लंबे हिस्से का कायाकल्प किया जाएगा। केंद्र सरकार ने सड़क के अनुरक्षण और सुदृढ़ीकरण के लिए 86.21 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दे दी है। परियोजना के तहत जर्जर सड़क की मरम्मत के साथ कई अन्य महत्वपूर्ण निर्माण कार्य भी कराए जाएंगे।
बांदा-कर्वी खंड में किलोमीटर 37 से 107 तक सड़क का नवीनीकरण कराया जाएगा। लंबे समय से हाईवे पर जगह-जगह गड्ढे और क्षतिग्रस्त पेवमेंट वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए थे। बजट की कमी के चलते स्थायी मरम्मत का काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था। अब सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।
यह भी पढ़ें : नोएडा प्राधिकरण का एक्शन, शफीपुर के डूब क्षेत्र में 8 हजार वर्गमीटर जमीन कराई खाली
परियोजना में केवल सड़क की मरम्मत ही नहीं, बल्कि बुनियादी ढांचे को भी बेहतर बनाया जाएगा। एनएच-35 पर पांच क्षतिग्रस्त पुलियों का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा भरतकूप और शिवरामपुर के आबादी वाले क्षेत्रों में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए आरसीसी नालियों का निर्माण कराया जाएगा।हाईवे पर सफर को सुरक्षित बनाने के लिए मेटल बीम क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे। साथ ही आधुनिक रोड मार्किंग और रेट्रो-रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे वाहन चालकों को रास्ते की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। वहीं, कर्वी के पास ट्रकों के रुकने के लिए ले-बाय भी विकसित किया जाएगा।
परियोजना की स्वीकृति मिलने के बाद अधीक्षण अभियंता, राष्ट्रीय मार्ग लोक निर्माण विभाग प्रयागराज ओमकार भारती ने जिलाधिकारी पुलकित गर्ग से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्वीकृति पत्र सौंपते हुए प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। परियोजना पूरी होने के बाद बांदा से चित्रकूट के बीच आवागमन पहले की तुलना में सुगम होने की उम्मीद है। इसके साथ ही सड़क की खराब स्थिति और जलभराव से परेशान स्थानीय लोगों तथा हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी राहत मिलने की संभावना है।
विज्ञापन