विज्ञापन
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को देखते हुए सियासी और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी समीक्षा को लेकर मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों को नई जिम्मेदारी सौंपी है।

UP News : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को देखते हुए सियासी और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी समीक्षा को लेकर मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों को नई जिम्मेदारी सौंपी है। सोमवार को कैबिनेट बैठक के बाद हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में सीएम योगी ने मंत्रियों को निर्देश दिए कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। इसके बाद मुख्यमंत्री ने विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल संवाद कर पौधरोपण महाअभियान-2026 की तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों को अगले दो दिनों के भीतर अपने-अपने क्षेत्रों में अधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय संस्थाओं के साथ बैठक कर पौधरोपण स्थलों का चयन करने के निर्देश दिए। UP News
यह भी पढ़े : शादी नहीं की तो बेकाबू हुआ रिटायर्ड IAS अधिकारी का बेटा, महिला को पीटा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता सरकार का परिवार है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के हर वर्ग और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सीएम योगी ने मंत्रियों से कहा कि वे यह सुनिश्चित करें कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। योजनाओं की केवल समीक्षा ही नहीं, बल्कि उनका प्रभाव जमीन पर दिखाई देना भी जरूरी है। मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल भी मौजूद रहे। बैठक में सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने मंत्रियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में चल रही विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी करें। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कर गांवों और कस्बों में स्कूल, अस्पताल और अन्य जन सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लें। मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों से संवाद बढ़ाने और जल जीवन मिशन के तहत सड़क कटिंग से जुड़े मामलों का समयबद्ध समाधान कराने पर भी जोर दिया। UP News
इसे भी पढ़े : उत्तर प्रदेश के ताजा समाचार
सीएम योगी ने बेसिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मंत्रियों को स्कूलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंत्री सरकारी स्कूलों में जाकर अभिभावकों से बातचीत करें और बच्चों की पढ़ाई, रिपोर्ट कार्ड तथा स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों को निशुल्क यूनिफॉर्म, बैग, किताबें और जूते-मोजे जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। इन योजनाओं का लाभ सही तरीके से मिल रहा है या नहीं, इसकी समीक्षा जरूरी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 8 जुलाई को वाराणसी में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया जाएगा। इस योजना के तहत बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और उनके परिवार के सदस्य पांच लाख रुपये तक के वार्षिक स्वास्थ्य बीमा कवर का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। सीएम योगी ने निर्देश दिया कि जिला स्तर पर मंत्री और विधानसभा स्तर पर विधायक इस योजना के कार्यक्रमों को सफल बनाने में सहयोग करें। UP News
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 12 जुलाई को प्रदेश में 'एक पेड़ मां के नाम' वृक्षारोपण महाअभियान-2026 चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से उत्तर प्रदेश 275 करोड़ पौधे लगाने का रिकॉर्ड बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगा। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से पौधरोपण के साथ-साथ पौधों की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने की अपील की। पौधरोपण अभियान को लेकर हुई वर्चुअल बैठक में मुख्यमंत्री ने सांसदों, विधायकों, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्षों, ब्लॉक प्रमुखों और अन्य जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि वे अगले दो दिनों में अपने क्षेत्रों में बैठक आयोजित करें। बैठकों में अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा कर पौधरोपण के लिए स्थान चिन्हित किए जाएंगे। इसके बाद पौधों की जरूरत से जुड़ा प्रस्ताव जिला प्रशासन और वन विभाग को भेजा जाएगा, ताकि समय पर तैयारियां पूरी की जा सकें। UP News
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की महिलाएं विकास में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने सिद्धार्थनगर की एक महिला उद्यमी का उदाहरण देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना का लाभ लेकर उन्होंने दो वर्षों में छह लाख रुपये की आय अर्जित की और अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बनीं। सीएम योगी ने कोरोना काल में आशा कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए उनके मानदेय में वृद्धि की आवश्यकता पर भी बात रखी। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से पौधरोपण महाअभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। वर्चुअल संवाद में मंत्री, सांसद, विधायक, नगर निकाय प्रतिनिधि, पंचायत सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और प्रदेश के विकास के लिए सभी की भागीदारी जरूरी है। UP News
विज्ञापन