विज्ञापन
UP News: संजीव पर 27 मई को लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह (42) की दिनदहाड़े हत्या करने का आरोप था।

UP News: लखनऊ में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक लाख रुपये के इनामी बदमाश संजय उर्फ संजीव को मुठभेड़ में मार गिराया। संजीव लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर था। इस हत्याकांड के बाद पुलिस ने संजीव पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, STF को सूचना मिली थी कि संजीव इंदिरा कैनाल रोड के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अलर्ट हो गई और पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में संजीव की घेराबंदी कर ली गई। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी के बीच संजीव भागने की कोशिश करने लगा, जिस पर पुलिस ने उसका पीछा किया। इस दौरान संजीव को गोली लग गई और वह गिर पड़ा। घायल अवस्था में उसे डॉक्टर राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
संजीव पर दर्ज थे कई मामले
संजीव अंबेडकरनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत चक कोदार गांव का निवासी था। उसके खिलाफ अंबेडकरनगर, बस्ती, अयोध्या और लखनऊ समेत कई जिलों में मुकदमे दर्ज थे। वह खान मुबारक और दिलीप वर्मा गैंग के लिए भी काम करता था।
लखनऊ में की थी प्रॉपर्टी डीलर की हत्या
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक संजीव पर 27 मई को लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह (42) की दिनदहाड़े हत्या करने का आरोप था। संदीप सिंह पीजीआई थाना क्षेत्र स्थित अपने ऑफिस पहुंचे थे। कार से उतरकर ऑफिस की ओर बढ़ते ही बाइक सवार दो नकाबपोश हमलावर वहां पहुंचे और उन्होंने अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। आसपास के लोगों ने उन्हें अपेक्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान संदीप सिंह की मौत हो गई। हमले की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। UP News
विज्ञापन