
UP News / लखनऊ: अपना दल के संस्थापक डॉक्टर सोनेलाल पटेल की रविवार को 74वीं जयंती हैं। इस मौके पर विधायक पल्लवी पटेल और केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल आमने सामने हैं। एक ओर लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में इसे जन स्वाभिमान दिवस के रूप में मनाया जाएगा, वहीं दूसरी तरफ अपना दल कमेरावादी द्वारा सोनेलाल पटेल की जयंती पर जातीय जनगणना पर चर्चा का कार्यक्रम आयोजित किया है। अनुप्रिया के इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गृहमंत्री अमित शाह, सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के NDA के सहयोगी दल भी मौजूद रहेंगे।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व राष्ट्रकवि उदय प्रताप सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम की अध्यक्षता कृष्णा पटेल और पल्लवी पटेल करेंगी। यह कार्यक्रम लखनऊ में लोहिया ट्रस्ट विक्रमादित्य मार्ग कार्यालय पर आयोजित किया जा रहा है। आपको बता दें कि सोनेलाल पटेल का जन्म कन्नौज के ग्राम बुगलयी में एक किसान परिवार में 2 जुलाई 1950 को हुआ था। उन्होंने अपने जीवन में किसानों, गरीबों व कमेरा समाज के उत्थान के लिए संघर्ष किया। 4 नवंबर 1995 को उन्होंने पार्टी का गठन किया। 17 अक्टूबर 2009 को एक सड़क दुर्घटना में उनका निधन हो गया था। इसके बाद पार्टी की जिम्मेदारी उनकी पत्नी कृष्णा पटेल ने संभाली।
हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास अठावले, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल करेंगी। डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती समारोह के अवसर पर दो जुलाई को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 'जन स्वाभिमान दिवस' समारोह का आयोजन किया गया है। वहीं दूसरे आयोजन में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव समेत समाजवादी नेता मौजूद रहेंगे। UP News