Meerut Murder Case: घटना के समय कमरे में सांप मौजूद था और अतुल के पैर पर काटने के निशान भी मिले थे। शुरुआत में परिवार और पुलिस ने इसे सांप के काटने से हुई मौत माना लेकिन बाद में कुछ सवालों के कारण जांच का रुख बदल गया।

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक स्कूल संचालक की मौत को पहले सांप के काटने की घटना माना जा रहा था लेकिन पुलिस जांच में मामला हत्या की साजिश तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि, मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई और उसे सांप से डसवाने का आरोप है। इस मामले में पत्नी समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान स्कूल संचालक अतुल कुमार (32) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह परिवार को सूचना दी गई कि अतुल को सांप ने काट लिया है। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के समय कमरे में सांप मौजूद था और अतुल के पैर पर काटने के निशान भी मिले थे। शुरुआत में परिवार और पुलिस ने इसे सांप के काटने से हुई मौत माना लेकिन बाद में कुछ सवालों के कारण जांच का रुख बदल गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी दामिनी ने बताया कि वह रात में अपने छह साल के बेटे के साथ दूसरे कमरे में सोने चली गई थी और सुबह कमरे में पहुंची तो अतुल को अचेत हालत में देखा। पूछताछ के दौरान उसके बयान में कुछ विरोधाभास सामने आए जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की। इसके बाद कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पत्नी और स्कूल के वैन ड्राइवर तुषार के बीच संबंधों की जानकारी सामने आई।
पुलिस जांच के मुताबिक, अतुल के स्कूल में काम करने वाले वैन ड्राइवर तुषार से दामिनी की नजदीकियां बढ़ी थीं। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और अतुल उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि अतुल ने 20 लाख रुपये का बीमा कराया हुआ था। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद बीमा राशि हासिल करने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, इन सभी दावों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगी।
यह भी पढ़ें: कौशांबी का अजब-गजब मामला, सात बच्चों की मां समधी के साथ लापता!
पुलिस के मुताबिक, जांच में यह बात भी सामने आई कि अतुल को हटाने की पहले भी कोशिश की गई थी। पुलिस का दावा है कि कुछ समय पहले उन्हें कार से टक्कर मारने की कोशिश की गई थी लेकिन वह बच गए थे। इसके अलावा पुलिस ने यह भी बताया कि अतुल की तबीयत पहले कई बार खराब हुई थी और उन्हें अस्पताल भी ले जाना पड़ा था। जांच एजेंसियां इन सभी घटनाओं को जोड़कर मामले की पड़ताल कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार, जब पहले प्रयास सफल नहीं हुए तो सांप के जरिए हत्या की साजिश रची गई। पुलिस का दावा है कि इस योजना में दो सपेरों को भी शामिल किया गया था। जांच में सामने आया कि कथित तौर पर सांप उपलब्ध कराने के लिए सपेरों से संपर्क किया गया था। मेरठ पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान वैन ड्राइवर तुषार के मोबाइल फोन में एक सांप की तस्वीर मिली। पुलिस का दावा है कि यह तस्वीर घटनास्थल पर मिले सांप से जुड़ी जांच में अहम साबित हुई। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान तुषार से कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। इसके बाद मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, अतुल और दामिनी ने करीब सात साल पहले प्रेम विवाह किया था। अतुल पहले एक निजी कंपनी में काम करते थे लेकिन बाद में उन्होंने नौकरी छोड़कर कृष्ण किड्स प्ले स्कूल शुरू किया था। यह स्कूल वह अपनी पत्नी के साथ मिलकर चलाते थे। स्कूल में नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई होती है और करीब 150 बच्चे पढ़ते हैं। कुछ समय से अतुल और उनके परिवार के बीच रिश्ते अच्छे नहीं थे। इसके बाद अतुल पत्नी और बच्चे के साथ अलग रहने लगे थे।
मेरठ पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने पत्नी दामिनी, वैन ड्राइवर तुषार और अन्य संदिग्धों से पूछताछ की है। फिलहाल मामला हत्या की साजिश के आरोपों से जुड़ा है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी सबूत जुटाए जा रहे हैं ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
विज्ञापन