NOIDA SAMACHAR: कार की टक्कर से गोलगप्पे विक्रेता की मौत
NOIDA SAMACHAR
नोएडा
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 01:11 PM
NOIDA SAMACHAR: नोएडा। थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र के सेक्टर 135 में बीती रात कार की टक्कर लगने से ठेली लेकर जा रहे गोलगप्पे विक्रेता की मौत हो गई। वहीं 4 दिन पूर्व एक हादसे में घायल हुए युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
NOIDA SAMACHAR
मूलरूप से मिर्जापुर निवासी श्याम सुंदर बाजितपुर गांव में रह रहा था। अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए वह गोलगप्पे की ठेली लगाता था। बीती रात्रि वह अपनी ठेली लेकर वापस अपने घर लौट रहा था। सेक्टर 135 की सर्विस रोड पर तेज गति में आ रही अल्टो कार ने श्याम सुंदर को टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके से भागने का प्रयास कर रहे चालक को लोगों ने दबोच लिया और थाना एक्सप्रेसवे पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल श्यामसुंदर को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
वहीं थाना सेक्टर 58 क्षेत्र में गत दिनों सड़क हादसे में घायल हुए युवक की मौत हो गई। करीब 4 दिन पहले संभल निवासी अनिल यादव अपने दो साथियों के साथ बाइक से जा रहा था। इयोन सेंटर के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी थी। टक्कर लगने से अनिल यादव गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के लिए उसे फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। देर रात उपचार के दौरान अनिल यादव ने दम तोड़ दिया।