नोएडा के डीएम रहे सुहास एलवाई को केन्द्र में बड़ी जिम्मेदारी
UP News
भारत
चेतना मंच
06 Mar 2025 06:54 PM
UP News : उत्तर प्रदेश के आईएएस (IAS) अधिकारी सुहास एलवाई (Suhas LY) के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। उन्हें हाल ही में भारत सरकार में जॉइंट सेक्रेटरी के पद पर इंपैनल्ड किया गया है। यह उपलब्धि उनके लिए एक और मील का पत्थर साबित हुई है, क्योंकि वह केवल एक सक्षम प्रशासनिक अधिकारी ही नहीं, बल्कि एक ओलिंपियन और राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियन भी हैं। सुहास एलवाई का नाम देश के उन अधिकारियों में शामिल है, जिन्होंने अपने खेल के जरिए देश का नाम दुनिया भर में रोशन किया है।
नोएडा के डीएम सुहास बने ज्वाइंट सेक्रेटरी
वर्ष-2007 बैच के आईएएस अधिकारी सुहास एलवाई (IAS officer Suhas LY) को हाल ही में भारत सरकार ने 2007 बैच के 6 आईएएस अधिकारियों को जॉइंट सेक्रेटरी के पद पर नियुक्त किया है, जिसमें सुहास एलवाई का नाम भी शामिल है। इसके साथ ही इस सूची में आईएएस अधिकारी अरविंद अग्रवाल, परवीन कुमार थिंद, दुष्मंता कुमार बेहरा, प्रभाकर और विनोद कुमार सुमन के नाम भी शामिल हैं।
भारत सरकार में जॉइंट सेक्रेटरी (Joint Secretary) का पद एक महत्वपूर्ण और जिम्मेदार पद है। इसके अंतर्गत अधिकारी देश के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में नीति निर्माण और प्रशासनिक कार्यों का संचालन करते हैं। यह पद उन अधिकारियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने राज्य कैडर में पर्याप्त अनुभव प्राप्त किया हो और केंद्र सरकार में अपनी सेवाएं देने के लिए योग्य समझे जाते हों। 2007 बैच के अलावा, इस सूची में 2003, 2004 और 2005 बैच के आईएएस अधिकारियों का नाम भी शामिल किया गया है। इनमें अविनाश चंपावत (2003 बैच), कंगाले रीना बाबासाहेब (2003 बैच),अंबलगन पी (2004 बैच), अलरमेलमंगई डी (2004 बैच), साकेत कुमार (2005 बैच) और पीटी भूटिया (2015 बैच) शामिल हैं।
सुहास एलवाई का पूरा नाम सुहास लालिनकेरे यतिराज (Suhas Lalinkere Yathiraj) है और उनका जन्म 2 जुलाई 1983 को कर्नाटक के शिमोगा में हुआ था। बचपन से ही वह एक पैर से दिव्यांग रहे हैं, लेकिन उनकी इस शारीरिक चुनौती ने उन्हें कभी भी जीवन में सफलता की ओर बढऩे से नहीं रोका। वह पहले भारतीय आईएएस अधिकारी हैं, जिन्होंने एक पेशेवर अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने का गौरव प्राप्त किया। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से साबित किया कि किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है, अगर हिम्मत और संघर्ष की भावना प्रबल हो।
UP News :
साल 2007 में आईएएस अधिकारी के तौर पर नियुक्ति पाने के बाद, सुहास एलवाई ने अपनी कड़ी मेहनत और सटीक प्रशासनिक कौशल के साथ कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। जब वह नोएडा के डीएम रहे, तो उनकी कार्यशैली और नेतृत्व की सराहना की गई थी। कोविड-2020 महामारी के दौरान उनकी प्रशासनिक व्यवस्था की काफी सराहना हुई थी। इसके अलावा, उन्होंने अपनी अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में भी कई गोल्ड मेडल्स जीतकर देश का नाम रोशन किया। UP News :