कानपुर में बढ़ा कुत्तों का आतंक,बच्चे को घेरकर उसे बुरी तरह नोच डाला
Uttar Pradesh News
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 05:12 AM
Uttar Pradesh News : इन दिनों यूपी के कई जिलों में आवारा कुत्तों का खौफ बढ़ गया है। जिसके चलते अब माता-पिता बच्चों को घर से बाहर भेजने से भी डर रहे हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश के कानपुर में आवारा कुत्तों के एक छोटे बच्चे पर हमला करने का मामला सामने आया है। जहां कुत्तों ने बच्चे को घेरकर उसे बुरी तरह से नोच डाला। इस पूरी घटना का वीडियो सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह कुत्तों का झुंड बच्चे पर हमला कर उसे नोच देता है। इस घटना के दौरान मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह कुत्तों से बच्चे की जान बचाई। फिलहाल, बच्चे की हालत खतरे से बाहर है. लेकिन वो काफी डरा हुआ है।
बच्चे के हाथ में आया गंभीर घाव
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार की है, जब 11 वर्षीय शुभम दुर्गा पूजा पार्क के पास स्थित मंदिर में दीपक जलाने जा रहा था। तभी कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया जिससे वह जमीन गिर गया। इस दौरान कुत्ते मासूम शुभम को नोचते रहे। कुत्तों के काटने की वजह से उसके हाथ में गंभीर घाव हो गया। मोहल्ले के लोगों ने दौड़कर शुभम को बचाया और कुत्तों को भगाया। तब जाकर उसकी जान बची। इसके बाद घर वालों को जानकारी हुई तो वह शुभम को अस्पताल ले गए और उसका इलाज करवाया। सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि कैसे 3 से 4 कुत्तों ने शुभम को पहले दौड़ाया फिर जब वह नीचे गिर गया तो उसे बुरी तरह जगह-जगह काटा।
थाने में पहुंचा मामला
आपको बता दें स्थानीय लोगों से शुभम के घरवालों को पता चला है कि, मंदिर के पास रहने वाले दंपति उन कुत्तों को प्रश्रय देते हैं। उनकी वजह से कुत्ते आवारा घूमते हैं। उन्हें बांधा नहीं जाता है। जिसपर रविवार को शुभम के पिता उमेश बाकी पड़ोसियों के साथ उपरोक्त दंपति के घर पहुंचे, जहां उनकी जमकर बहस हुई। मामले में पुलिस थाना प्रभारी का कहना है कि दोनों पार्टियों को आपस में बैठकर समझौता करने को कहा गया है। शांति व्यवस्था भंग होने पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले पर कोई भी शिकायत नहीं दर्ज की है।
Uttar Pradesh News