उत्तर प्रदेश अग्निशमन विभाग के फायरमैन जितेंद्र राठौर को कॉकरोच की वेशभूषा पहनकर विरोध प्रदर्शन करना महंगा पड़ गया। आगरा, दिल्ली और लखनऊ में कॉकरोच की वेशभूषा पहनकर विरोध प्रदर्शन करने वाले फायरमैन जितेंद्र राठौर के खिलाफ आखिरकार विभाग ने बड़ी कार्रवाई कर दी है।

UP News : उत्तर प्रदेश अग्निशमन विभाग के फायरमैन जितेंद्र राठौर को कॉकरोच की वेशभूषा पहनकर विरोध प्रदर्शन करना महंगा पड़ गया। आगरा, दिल्ली और लखनऊ में कॉकरोच की वेशभूषा पहनकर विरोध प्रदर्शन करने वाले फायरमैन जितेंद्र राठौर के खिलाफ आखिरकार विभाग ने बड़ी कार्रवाई कर दी है। अनुशासनहीनता के आरोप में उन्हें अग्निशमन विभाग की सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। विभाग की ओर से पहले उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर जवाब मांगा गया था, लेकिन तय अवधि में कोई स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर डीसीपी मुख्यालय अतुल शर्मा ने सेवा समाप्त करने के आदेश जारी कर दिए। आदेश के बाद अब जितेंद्र राठौर अग्निशमन विभाग की वर्दी नहीं पहन सकेंगे। यदि वह वर्दी में पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। UP News
यह भी पढ़े : सड़क पर भिड़ गए वकील और सिपाही, बीच सड़क चले लात-घूंसे, VIDEO वायरल
फिरोजाबाद निवासी जितेंद्र राठौर आगरा के संजय प्लेस फायर स्टेशन पर तैनात थे। उन्होंने गणित विषय में नेट (NET) परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में पीएचडी में प्रवेश लिया था। विभागीय जानकारी के अनुसार छात्र-छात्राओं के समूह में कथित आपत्तिजनक संदेश भेजने की शिकायत के बाद उन्हें संस्थान से निष्कासित कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने नियमित रूप से विभाग में कार्यभार ग्रहण नहीं किया और पढ़ाई का हवाला देकर लगातार अवकाश लेते रहे। शिकायतों के आधार पर उन्हें पहले निलंबित किया गया और बाद में सोनभद्र स्थानांतरित कर दिया गया, लेकिन उन्होंने वहां भी जॉइन नहीं किया। इसी दौरान उन्होंने आगरा, दिल्ली और लखनऊ में कॉकरोच की वेशभूषा पहनकर प्रदर्शन किए। लखनऊ में एक अग्निकांड के बाद उन्होंने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। इसके बाद विभाग ने उन्हें बर्खास्तगी का नोटिस जारी किया। निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर विभाग ने अंतिम कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से हटा दिया। UP News
इसी बीच औरैया जिले से अग्निशमन विभाग के साहसिक कार्य की एक मिसाल भी सामने आई। सदर कोतवाली क्षेत्र के राहतपुर गांव में लगभग 60 फीट गहरे पुराने कुएं में गिरे एक युवक को फायर ब्रिगेड की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुएं में जहरीली गैस होने के कारण बचाव अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण था। टीम ने पहले गैस के प्रभाव को कम करने के लिए पानी का छिड़काव किया, जिसके बाद फायरमैन गजेंद्र सिंह सुरक्षा उपकरण पहनकर रस्सी के सहारे कुएं में उतरे। उन्होंने युवक तक पहुंचकर उसे सुरक्षा बेल्ट से बांधा और ऊपर मौजूद टीम के समन्वय से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। करीब एक घंटे तक चले इस रेस्क्यू अभियान की स्थानीय लोगों ने सराहना की। बताया गया कि 4 जुलाई को राहतपुर गांव निवासी 23 वर्षीय राजू पुराने कुएं में गिर गया था, जिसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई थी। समय रहते किए गए इस अभियान से युवक की जान बच गई। UP News
विज्ञापन