
UP me ka ba: लखनऊ/कानपुर। ''यूपी में का बा'' पार्ट-2 से चर्चा का विषय बनी प्रसिद्ध लोक गायिका नेहा सिंह राठौर (Neha Singh Rathore) की घेराबंदी लगातार जारी है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने उन्हें नोटिस देकर यह प्रयास किया था कि कानूनी कार्यवाही के डर से नेहा सिंह चुप हो जाएंगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। नेहा सिंह राठौर के चुप न होने पर एक प्राईवेट कोचिंग संस्थान में पढ़ा रहे उनके पति हिमांशु कुमार को नौकरी से निकलवा दिया गया है। आरोप है कि कोचिंग संस्थान ने उत्तर प्रदेश सरकार के दबाव में हिमांशु को नौकरी से निकाला हैं। (UP me ka ba)
आपको बता दें कि नेहा सिंह राठौर का विवाह उ.प्र. के अंबेडकरनगर जिले के हीडी पकडि़या गांव में रहने वाले हिमांशु के साथ 21 जून 2022 को हुआ था। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन करने के बाद हिमांशु ने यूपीएससी की परीक्षाएं दीं, किन्तु आईएएस अधिकारी बनने का सपना उनका पूरा नहीं हो सका। इन दिनों यूपीएससी की तैयारी करने वाले एक कोचिंग संस्थान में वे अध्यापन का कार्य कर रहे थे। नेहा सिंह राठौर द्वारा कानपुर कांड को लेकर गाये गए नए गाने “यूपी में का बा“ पार्ट-2 के बाद कोचिंग संस्थान ने हिमांशु को नौकरी से निकाल दिया है। इस खबर के प्रसारित होते ही नेहा सिंह राठौर के समर्थकों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है। समर्थकों का कहना है कि उ.प्र. सरकार तानाशाही पर उतर आई है।
आपको यह भी बता दें कि 13 फरवरी 2023 को उ.प्र. के कानपुर देहात की मैथा तहसील में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान पुलिस प्रशासन ने एक मां-बेटी को जिंदा जलाकर मार डाला था। इस घटना को लेकर उ.प्र. सरकार की सर्वत्र निंदा व आलोचना हो रही है। इसी घटना को लेकर नेहा सिंह राठौर ने लगभग 1 मिनट का वीडियो बनाया था जिसमें उन्होंने यूपी सरकार को जमकर घेरा है। इस गाने का नाम ''यूपी में का बा'' पार्ट-2 रखा गया है। इस वीडियो को 16 फरवरी 2023 को सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था। सोशल मीडिया पर अपलोड होते ही यह गाना वायरल हो गया था। इस गाने की लोकप्रियता व कानपुर कांड पर अपनी किरकिरी से बचने के लिए उप्र सरकार ने नेहा सिंह राठौर को नोटिस थमा रखा है। नोटिस में आरोप है कि उनके गाने से समाज में वैमनस्ता फैल रही है। नेहा ने इस मुददे पर बेहद तीखी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि पूरी पुलिस व सरकार उन्हें जबरन प्रताड़ित कर रही है।
इस बीच लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने एक और नया गाना सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। इस गाने को अपलोड करने के बाद नेहा सिंह ने एक ट्वीट भी किया है। इस टवीट में नेहा सिंह व्यंग्य में कह रही हैं कि ''अपने इस गीत से मैं बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने की मांग के लिए उकसा रही हूं। इससे समाज की शांति भंग हो सकती है, युवा उपद्रव कर सकते हैं। सरकार अगर जरूरी समझे तो इस गीत के लिए भी मुझे नोटिस भेज दे।''