आगरा में दिल दहला देने वाला हादसा, हंसते खेलते गई थीं बेटियां, लौटी चार अर्थियां
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 01:49 PM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 01:49 PM
UP News : उत्तर प्रदेश के आगरा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया जिसने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। दरअसल सिकंदरा थाना क्षेत्र के नगला स्वामी गांव के पास यमुना नदी में नहाने गई एक ही परिवार की छह बेटियों में से चार की डूबकर मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार चल रहा है।
रील बनी मौत की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज गर्मी से राहत पाने के लिए सभी लड़कियां यमुना नदी के किनारे पहुंची थीं।। नहाने से पहले उन्होंने मोबाइल फोन से रील भी रिकॉर्ड की थी। बताया जा रहा है कि रील नदी किनारे खड़े एक व्यक्ति ने बनाई थी। नदी में उतरने के बाद लड़कियां धीरे-धीरे गहराई की ओर बढ़ती चली गईं। जलस्तर का अनुमान न लगा पाने के कारण उनका पैर अचानक गहरे गड्ढे में चला गया और सभी डूबने लगीं। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।
दो की हालत नाजुक
सूचना पर सिकंदरा थाना पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक दिव्या (14), संध्या (12), शिवानी (17) और नैना (14) की जान जा चुकी थी। सोनम और मुस्कान की हालत गंभीर बनी हुई है।
गांव में पसरा मातम
मृत सभी लड़कियां नगला स्वामी गांव की निवासी थीं जबकि दो लड़कियां आगरा के रामी नगला से अपने रिश्तेदारों से मिलने आई थीं। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अरविंद बल्लप्पा बंगारी और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। फिलहाल, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। UP News