चन्द्रशेखर आजाद का बड़ा दावा, बोले मेरे साथ है मायावती का आशीर्वाद
UP News
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 09:33 PM
UP News : उत्तर प्रदेश में लोकसभा का चुनाव दिलचस्प होने लगा है। हर रोज उत्तर प्रदेश के किसी ना किसी कोने में नया राजनीतिक समीकरण बन रहा है। एक नए समीकरण की खबर पश्चिमी उत्तर प्रदेश की नगीना सीट से आई है। सबको पता है कि प्रथम चरण में उत्तर प्रदेश की नगीना सीट हॉट सीट मानी जा रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दलित चेहरे के रूप में उभरे चन्द्रशेखर आजाद उर्फ चन्द्रशेखर रावण ने नगीना के मुकाबले को रोचक बना दिया है।
UP News
मायावती के आशीर्वाद का दावा
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सीट पर अपनी खुद की पार्टी भीम आर्मी से चुनाव लड़ रहे चन्द्रशेखर आजाद ने बड़ा दावा कर दिया है। चन्द्रशेखर आजाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती का आशीर्वाद उनके साथ है। यही नहीं चन्द्रशेखर ने यह भी दावा किया है कि सपा नेता तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आशीर्वाद भी उन्हीं के साथ है। यह बड़ी दिलचस्प बात है कि उत्तर प्रदेश की रिजर्व सीट नगीना की इस सीट पर सपा तथा बसपा के प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं चन्द्रशेखर रावण सपा मुखिया तथाा बसपा मुखिया का आर्शीर्वाद अपने साथ बता रहे हैं।
यह है चन्द्रशेखर आजाद का दावा
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा के चुनाव को कवर कर रहे एक वरिष्ठ पत्रकार के साथ चन्द्रशेखर रावण ने लम्बी बातचीत की है। इस बातचीत में चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती के उम्मीदवार के तौर पर चुनावी मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि आप देखिए कि कैसे बहनजी ने बाहर के उम्मीदवार सुरेंद्र मैनवाल को यहां उतारा है। ये काम उन्होंने मेरे लिए ही किया है और यह परिवार का कोई सदस्य ही समझ सकता है कि वह कैसे मेरी मदद कर रही हैं। वह भी यही चाहती हैं कि मेरे समाज का नेता जीतना चाहिए। इसलिए उन्होंने मेरी मदद का यह तरीका चुना है।
चंद्रशेखर आजाद ने आगे कहा कि आकाश आनंद यहां आ रहे हैं, अपने उम्मीदवार के लिए वह रैली करेंगे, लेकिन वह मेरे छोटे भाई हैं। उन्हें भी मालूम है कि उनका उम्मीदवार मैं ही हूं, पार्टी के लिए उन्हें रैली करनी पड़ रही है। इसलिए औपचारिकता में कुछ बोलना भी होगा, लेकिन मेरी जनता को मालूम है कि वह रैली में कुछ भी बोलें, लेकिन सभी चाहते हैं कि मैं ही यहां से जीत का परचम फहराऊं।
भीम आर्मी प्रमुख चन्द्रशेखर आजाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश की नगीना सीट पर 70 प्रतिशत बनाम 30 प्रतिशत की लड़ाई है। मैं 70 प्रतिशत का प्रतिनिधित्व करता हूं, बाकी 30 प्रतिशत में शेष सभी दल हैं। चंद्रशेखर ने कहा कि अखिलेश यादव और कांग्रेस के बड़े नेता राहुल गांधी से भी उन्होंने समर्थन मांगा था, मैंने सिर्फ इतना कहा था कि आप एक सीट पर मुझे समर्थन करें, मैं आपकी तमाम सीटों पर मदद करूंगा, लेकिन पता नहीं लोगों ने इसका क्या अर्थ समझा और सभी ने अपने उम्मीदवार मेरे खिलाफ उतार दिए।
अखिलेश यादव मेरे भाई हैं
चंद्रशेखर रावण ने आगे कहा कि अखिलेश यादव मेरे भाई हैं, मुझे लगता है कि ऐसे उम्मीदवार को उतारकर उन्होंने मेरा समर्थन किया है। अखिलेश यादव जानते हैं कि चंद्रशेखर आजाद अगर जीता है, तो अकेले संसद में दलित और पिछड़ों के मुद्दे को उठाएगा। अकेला उनकी आवाज बनेगा और उनके समाज, उनकी आवाज में आवाज मिलाएगा। जयंत चौधरी को लेकर चंद्रशेखर ने कहा कि कुछ तो मजबूरियां रही होंगी। बीजेपी के साथ जाने को लेकर जयंत ही बेहतर बता सकते हैं। इस बारे में मैं कुछ नहीं कह सकता। उन्होंने गलती की या नहीं की यह मैं नहीं कह सकता।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की नगीना सीट दलित वर्ग के लिए रिजर्व सीट है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की नगीना सीट से सपा ने पूर्व जज मनोज कुमार, बसपा ने सुरेंद्र मैनवाल और बीजेपी ने ओम कुमार को चुनावी मैदान में उतारा है। ऐसे में चंद्रशेखर ने यहां से नामांकन भरकर चुनावी मुकाबले को रोचक बना दिया है। यहां दलितों और मुसलमानों का वोट कऱीब 70 प्रतिशत है। सभी विश्लेषक मान रहे हैं कि चन्द्रशेखर रावणने नगीना के चुनाव को रोचक तो बनाया है, किन्तु उनका चुनाव जीतना इतना आसान नहीं लग रहा हे। देखना यह होगा कि नगीना का 70 प्रतिशत दलित व मुस्लिम मतदाता किस प्रत्याशी के पक्ष में खड़ा होता है। UP News