उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का दुनियाभर में बजा डंका, धड़ल्ले से हो रही इस प्रोडक्ट की डिमांड
UP News
भारत
चेतना मंच
15 Mar 2025 01:30 PM
UP News : मेटल उत्पादों के लिए मशहूर उत्तर प्रदेश का मुरादाबाद अब सिर्फ पीतल नगरी तक सीमित नहीं रह गया है। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से अब तंबाकू उत्पादों और फूड ऑयल का भी निर्यात होने लगा है। मुरादाबाद के स्पेशल इकोनॉमिक जोन (SEZ) में तंबाकू उत्पादों और एग्रो-बेस्ड उद्योगों की इकाइयां शुरू हो चुकी हैं, जिससे क्षेत्र के औद्योगिक परिदृश्य में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।
बादाम-खाद्य तेल उत्पादों के निर्यात की शुरूआत
मुरादाबाद SEZ में सात नई इकाइयों को यूनिट अप्रूवल कमेटी से मंजूरी मिली है। इनमें से एक इकाई तंबाकू उत्पादों के निर्माण और निर्यात का कार्य करेगी, जबकि दो इकाइयों ने बादाम और अन्य खाद्य तेल उत्पादों के निर्यात की शुरुआत कर दी है। SEZ के सहायक विकास आयुक्त विकास यादव के अनुसार, पहले यहां मुख्य रूप से मेटल उत्पादों का ही निर्यात होता था, लेकिन अब एग्रो-बेस्ड उद्योगों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे कृषि आधारित निर्यात में भी वृद्धि होगी।
औद्योगिक इकाइयों की संख्या जल्द ही 100 तक पहुंचने की उम्मीद
मुरादाबाद केस्पेशल इकोनॉमिक जोन में औद्योगिक इकाइयों की संख्या जल्द ही 100 तक पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि, 421 एकड़ में फैले इस जोन में 400 से अधिक इकाइयां संचालित करने की क्षमता है, जिससे भविष्य में औद्योगिक विस्तार की अपार संभावनाएं बनी रहेंगी। यहां निर्यातकों और उद्यमियों के लिए 170 वर्गमीटर से लेकर 13,000 वर्गमीटर तक के प्लॉट उपलब्ध हैं, जिससे छोटे और बड़े दोनों स्तर के उद्योगों को यहां स्थापित किया जा सकता है।
निर्यातकों के लिए नए अवसर लेकर आएगा मुरादाबाद
SEZ को लेकर अक्सर यह धारणा होती है कि यहां सिर्फ निर्यात करने वाली इकाइयां ही स्थापित की जा सकती हैं लेकिन ऐसा नहीं है। यहां निर्यात न करने वाली कंपनियों को भी उत्पादन की अनुमति दी गई है, हालांकि उन्हें ड्यूटी और अन्य शुल्कों का भुगतान करना होगा। वहीं, निर्यात करने वाली इकाइयों को यह सुविधा ड्यूटी-फ्री उपलब्ध कराई जा रही है। मुरादाबाद का औद्योगिक परिदृश्य बदल रहा है। जहां पहले यह केवल पीतल और मेटल हस्तशिल्प के लिए जाना जाता था, वहीं अब तंबाकू, फूड ऑयल और एग्रो-बेस्ड उत्पादों का नया केंद्र भी बनता जा रहा है। यह परिवर्तन स्थानीय उद्यमियों और निर्यातकों के लिए नए अवसर लेकर आएगा और मुरादाबाद को वैश्विक व्यापार के एक नए मुकाम पर पहुंचाने में मदद करेगा।