
UP News : उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी खबर आ रही है। मीटर रीडिंग के दौरान बिल में कोई गड़बड़ी आ रही है या बिजली बिल से संबंधित अन्य समस्या है तो उसका मौके पर तो निस्तारण किया जाएगा, साथ ही अपनी नजरों के सामने रीडिंग भी लेंगे, ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके।
दरअसल, उत्तर प्रदेश पॉवर कारपोरेशन लि. (UPPCL) के चेयरमैन डॉ. आशीष कुमार गोयल ने बुधवार को सभी उपभोक्ताओं को शत-प्रतिशत पर्यवेक्षणीय (निगरानी में) बिलिंग करने का आदेश दिया है। इस नई व्यवस्था से हर मीटर रीडर के साथ बिजली विभाग के कर्मचारी और अधिकारी भी मौके पर जाएंगे और उपभोक्ता को सही बिल उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
यूपीपीसीएल के चेयरमैन द्वारा सभी बिजली वितरण खंडों को यह आदेश ईमेल के जरिए भेजा गया है। इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने की बात भी कही गई है। बताया जाता है कि विद्युत उपभोक्ताओं की गुणवत्तापूर्ण बिल न मिलने की बार-बार की शिकायतों के बाद यह यूपीपीसीएल के चेयरमैन ने सख्त कदम उठाया है। पूरे प्रदेश के उपभोक्ता यह शिकायत कर रहे थे कि उन्हें जो बिल मिल रहा है, उसमें गुणवत्ता नहीं है। इस बारे में जब बिजली घर पहुंचकर अधिकारियों से शिकायत की जाती है तो विभागीय अधिकारी शिकायत को दूर करने में आनाकानी करते हैं।
इन उपभोक्ताओं के फाइनल समस्या समाधान के लिए चेयरमैन ने यह नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू किया है। बिलिंग एजेंसियों को यह निर्देश दिया है कि वह अपने मीटर रीडर के ई-वालेट में कम से कम 10 हजार रुपये रिचार्ज जरूर रखें ताकि वह छोटे उपभोक्ताओं को बिल देने के साथ ही भुगतान भी कर दें।
ऐसा करने से उपभोक्ता को घर बैठे सुविधा मिलेगी। उन्हें बिजली काउंटर तक दौड़ नहीं लगानी होगी। मीटर रीडर के साथ जो विभागीय कर्मी जाएंगे वह मीटर बाक्स की सुरक्षा का ख्याल रखते हुए उचित जगह पर उसे स्थापित कराने के साथ ही मोबाइल नंबर व ई-मेल आइडी भी रिकार्ड में फीड कराएंगे।